4 मई टीएमसी की समाप्ति तिथि: बंगाल में बोले पीएम मोदी- 'महाजंगल राज' का अंत निश्चित, भारी मतदान सत्ता परिवर्तन का संकेत
काकद्वीप। धानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। दक्षिण 24 परगना के मथुरापुर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बड़ा दावा किया कि आगामी 4 मई, यानी मतगणना का दिन, बंगाल से टीएमसी के 15 साल पुराने 'सिंडिकेट राज' और 'महाजंगल राज' की विदाई का दिन साबित होगा। प्रधानमंत्री ने राज्य में हो रहे भारी मतदान को सत्ता परिवर्तन का स्पष्ट संकेत बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब टीएमसी के डराने-धमकाने वाले शासन से ऊब चुकी है। मोदी ने हुंकार भरते हुए कहा, "बंगाल में भारी मतदान इस बात का प्रमाण है कि टीएमसी का 'भय' अब भाजपा के 'भरोसे' से पराजित हो रहा है। राज्य का कोई ऐसा कोना नहीं बचा है, जहाँ बिना रिश्वत के काम होता हो। सिंडिकेट और बिचौलिए हर काम में कमीशन खा रहे हैं, लेकिन अब इस लूटतंत्र की एक्सपायरी डेट करीब आ गई है।"
ममता सरकार को घेरते हुए प्रधानमंत्री ने बंगाल के विकास की राह में आई बाधाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि गंगासागर मेले के लिए मुख्य भूमि को सागर द्वीप से जोड़ने वाला पुल आज तक नहीं बन पाया है, जिससे लोग अब भी जान जोखिम में डालकर नौकाओं पर निर्भर हैं। मोदी ने घाटाल मास्टर प्लान, जिला-आधारित फूड पार्क और नदी तट कटाव जैसी परियोजनाओं के ठप होने पर भी टीएमसी को आड़े हाथों लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र द्वारा भेजा गया पैसा टीएमसी के बिचौलिए हड़प लेते हैं, जिसे केवल भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार ही रोक सकती है। पीएम मोदी ने दक्षिण बंगाल के तटीय क्षेत्रों, विशेषकर मछुआरा समुदाय के लिए बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा की सरकार बनते ही मछुआरों को विशेष वित्तीय सहायता दी जाएगी और मछली उत्पादन व निर्यात के लिए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार किया जाएगा। इसके साथ ही, उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाया कि वह कांग्रेस के साथ मिलकर महिलाओं को मिलने वाले 33 प्रतिशत आरक्षण की राह में रोड़े अटका रही है। देश की सुरक्षा के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा ने घुसपैठियों के प्रति 'कतई बर्दाश्त नहीं' की नीति अपनाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी अपने वोट बैंक के लिए समुद्री मार्गों से आने वाले घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है, जो राज्य के संसाधनों और देश की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं। प्रधानमंत्री का यह संबोधन बंगाल चुनाव के अंतिम चरणों में निर्णायक भूमिका निभा सकता है। विकास, भ्रष्टाचार और सुरक्षा के मुद्दों को एक साथ साधते हुए मोदी ने स्पष्ट कर दिया कि भाजपा इस बार बंगाल में पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता परिवर्तन की ओर देख रही है।