• Home
  • News
  • Mega Voter List Drive in Dhanbad: Mapping of 75% of voters completed; new list to be released on August 5—find out how to check your name.

धनबाद में वोटर लिस्ट का महा-अभियान: 75% मतदाताओं की मैपिंग पूरी; 5 अगस्त को आएगी नई लिस्ट, जानिए कैसे चेक करें अपना नाम

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 24, 2026 02:06 PM
Mega Voter List Drive in Dhanbad: Mapping of 75% of voters completed; new list to be released on August 5—find out how to check your name.

धनबाद। कोयलांचल धनबाद में आगामी चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची को पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिहीन बनाने का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत जिला प्रशासन ने एक बहुत बड़ी कामयाबी हासिल की है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को समाहरणालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के लगभग 75 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग और भौतिक सत्यापन का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची (ड्राफ्ट वोटर लिस्ट) का प्रकाशन कर दिया जाएगा। 

प्रेस वार्ता में आंकड़ों का खुलासा करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि धनबाद जिले में कुल 21 लाख 15 हजार 997 पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें से अब तक 15 लाख 81 हजार 364 मतदाताओं (यानी कुल 74.73 फीसदी) की मैपिंग पूरी की जा चुकी है। उपायुक्त ने बताया कि जिले में अभी भी 5 लाख 34 हजार से अधिक मतदाताओं की मैपिंग पेंडिंग है। इसके अलावा स्क्रूटनी के दौरान करीब 3.73 लाख मतदाताओं के रिकॉर्ड में अलग-अलग प्रकार की विसंगतियां (गड़बड़ियां) पाई गई हैं। इन सभी विसंगतियों को दूर करने के लिए 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर घर-घर जाकर हर एक वोटर का भौतिक सत्यापन करेंगे। प्रशासन ने साफ किया है कि जिन मतदाताओं ने हस्ताक्षर करने से इनकार किया है, या जो अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत अथवा डुप्लीकेट श्रेणी में आते हैं, उनका नाम बिना पूरी जांच के सूची में शामिल नहीं रखा जाएगा। लोकतंत्र में हर पात्र व्यक्ति को वोटिंग का अधिकार देने के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय बेहद गंभीर है। उपायुक्त ने वोटर्स को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम बिना सुनवाई का पूरा अवसर दिए सूची से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी का नाम गलती से कट जाता है, तो प्रभावित व्यक्ति की शिकायत निवारण के लिए दो स्तर की अपील व्यवस्था  बनाई गई है। "हमारा लक्ष्य है कि धनबाद का एक भी पात्र नागरिक वोट देने के अधिकार से वंचित न रहे और कोई भी फर्जी या अपात्र व्यक्ति इस सूची में जगह न बना पाए। नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के साथ अपनी जन्मतिथि और निवास के वैध सरकारी दस्तावेज जैसे पहचान, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति या भूमि के कागजात जमा करने होंगे। इस पूरे अभियान को पारदर्शी बनाने के लिए निर्वाचन अधिकारियों, सुपरवाइजरों, बूथ लेवल एजेंटों और स्वयंसेवकों को कड़ा प्रशिक्षण दिया जा चुका है। आम लोग घर बैठे भी चुनाव आयोग के आधिकारिक पोर्टल ceo.jharkhand.gov.in और voters.eci.gov.in के माध्यम से मतदाता सूची में अपना नाम, अपना पोलिंग बूथ और अपने क्षेत्र के बीएलओ  की पूरी जानकारी हासिल कर सकते हैं। उपायुक्त ने कोयलांचल के सभी जागरूक नागरिकों से अपील की है कि वे घर आने वाले बीएलओ का सहयोग करें और समय रहते अपनी मैपिंग सुनिश्चित कराएं।


संबंधित आलेख: