• Home
  • News
  • Midnight police encounter: Miscreants fled after breaking through a barrier during a check; two were shot in the leg during the exchange of fire, and weapons were recovered.

आधी रात को पुलिस एनकाउंटर: चेकिंग के दौरान बैरियर तोड़कर भागे बदमाश; फायरिंग में दो के पैर में लगी गोली,हथियार बरामद

editor
  • Tapas Vishwas
  • June 08, 2026 10:06 AM
Midnight police encounter: Miscreants fled after breaking through a barrier during a check; two were shot in the leg during the exchange of fire, and weapons were recovered.

देहरादून। उत्तराखंड पुलिस के 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराधियों के खिलाफ जारी महाअभियान में देर रात ऋषिकेश क्षेत्र में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस और शातिर बदमाशों के बीच हुई सीधी मुठभेड़ में आत्मरक्षा में की गई पुलिस फायरिंग के दौरान दो वांछित बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इलाज के लिए नजदीकी राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया है। बदमाशों के पास से भारी मात्रा में अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

जानकारी के मुताबिक,ऋषिकेश क्षेत्र में देर रात पुलिस टीम रूटीन चेकिंग पर तैनात थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने रुकने के बजाय पुलिस बैरियर को जोरदार टक्कर मारी और तेजी से फरार होने की कोशिश की। पुलिस की चीता मोबाइल और कॉम्बिंग टीम ने बिना वक्त गंवाए बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया। खुद को पूरी तरह घिरता देख बदमाशों ने दुस्साहस दिखाते हुए पुलिस टीम को जान से मारने की नीयत से उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस टीम ने भी बहादुरी का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मोटरसाइकिल सहित वहीं ढेर हो गए। पकड़े गए दोनों शातिर अपराधी पिछले कुछ दिनों से ऋषिकेश पुलिस के लिए सिरदर्द बने हुए थे। हाल ही में ऋषिकेश क्षेत्र में हुई एक अन्य फायरिंग की वारदात में दोनों वांछित (वांटेड) चल रहे थे, जहां उन्होंने दो स्थानीय व्यक्तियों पर जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल का मुआयना किया। इसके बाद अधिकारी घायल बदमाशों की स्थिति जानने और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने राजकीय चिकित्सालय भी पहुंचे। एसएसपी देहरादून ने साफ किया है कि जिले में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति जारी रहेगी और कानून हाथ में लेने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।


संबंधित आलेख: