• Home
  • News
  • Millions of users affected by Facebook-Instagram outage! Websites failed to load, login and timeline services stopped working, and Meta offered no explanation for the technical glitch.

फेसबुक-इंस्टाग्राम आउटेज से करोड़ों यूजर्स हुए परेशान! वेबसाइट नहीं खुली, लॉगिन और टाइमलाइन ने छोड़ा साथ, मेटा ने नहीं दी तकनीकी खराबी पर कोई सफाई

editor
  • Awaaz Desk
  • July 19, 2026 10:07 AM
Millions of users affected by Facebook-Instagram outage! Websites failed to load, login and timeline services stopped working, and Meta offered no explanation for the technical glitch.

नई दिल्ली। दुनिया के सबसे बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में से एक फेसबुक की सेवाएं रविवार को कई देशों में प्रभावित होने की खबर सामने आई। बड़ी संख्या में उपयोगकर्ताओं ने अपने फेसबुक अकाउंट तक पहुंचने,वेबसाइट खोलने और न्यूज फीड लोड होने में दिक्कतों की शिकायत की। आउटेज ट्रैकिंग वेबसाइट डाउनडिटेक्टर पर हजारों यूजर्स ने समस्या की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद यह मामला तेजी से सोशल मीडिया और तकनीकी जगत में चर्चा का विषय बन गया। इस दौरान इंस्टाग्राम भी दिक्कतें आनें की खबरें सामने आईं। हांलाकि दोपहर 3 बजे बाद समस्या ठीक हो गई, लेकिन दिनभर लोग इस समस्या को लेकर खासे परेशान रहे। डाउनडिटेक्टर के आंकड़ों के अनुसार, फेसबुक में तकनीकी समस्या रविवार सुबह करीब 3ः53 बजे शुरू हुई। इसके बाद विभिन्न देशों से लगातार शिकायतें दर्ज होती रहीं। उपयोगकर्ताओं का कहना है कि कई लोगों का फेसबुक अकाउंट लॉगिन नहीं हो रहा था, जबकि कुछ यूजर्स वेबसाइट और मोबाइल ऐप तक भी पहुंच नहीं बना पा रहे थे। कई लोगों ने यह भी बताया कि उनका न्यूज फीड और टाइमलाइन सही तरीके से लोड नहीं हो रही थी। डाउनडिटेक्टर पर दर्ज रिपोर्टों के अनुसार, सबसे अधिक शिकायतें वेबसाइट एक्सेस को लेकर सामने आईं, जो कुल शिकायतों का लगभग 50 प्रतिशत थीं।

इसके अलावा करीब 20 प्रतिशत शिकायतें लॉगिन संबंधी रहीं, जबकि लगभग 20 प्रतिशत उपयोगकर्ताओं ने न्यूज फीड और टाइमलाइन से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दी। इससे स्पष्ट है कि तकनीकी दिक्कत केवल किसी एक फीचर तक सीमित नहीं थी, बल्कि प्लेटफॉर्म के कई हिस्से प्रभावित हुए। फेसबुक, जो मेटा के स्वामित्व वाला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म है, दुनिया भर में अरबों उपयोगकर्ताओं द्वारा इस्तेमाल किया जाता है। यह प्लेटफॉर्म पोस्ट साझा करने, ग्रुप्स, मार्केटप्लेस, मैसेजिंग और न्यूज फीड जैसी सुविधाओं के जरिए लोगों को जोड़ता है। ऐसे में इसकी सेवाओं में आने वाली किसी भी तरह की रुकावट का असर बहुत कम समय में लाखों-करोड़ों उपयोगकर्ताओं पर दिखाई देता है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मेटा की ओर से इस तकनीकी समस्या को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि समस्या किस कारण से आई और इसे पूरी तरह ठीक करने में कितना समय लगेगा। वहीं, किसी स्वतंत्र तकनीकी स्टेटस प्लेटफॉर्म की ओर से भी किसी बड़े वैश्विक तकनीकी व्यवधान की औपचारिक पुष्टि नहीं की गई थी। तकनीकी विशेषज्ञों का मानना है कि कई बार सर्वर अपडेट, नेटवर्क कॉन्फ़िगरेशन में बदलाव, डेटा सेंटर संबंधी समस्या या अस्थायी तकनीकी गड़बड़ी के कारण भी इस प्रकार की दिक्कतें सामने आती हैं। हालांकि वास्तविक कारण की पुष्टि कंपनी की आधिकारिक जानकारी के बाद ही हो सकेगी।

 


संबंधित आलेख: