MMS कांडः चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के नहाने का वीडियो वायरल! गुस्साई छात्राओं ने किया हंगामा, आरोपी छात्रा गिरफ्तारी
नई दिल्ली। चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में छात्राओं के नहाने का वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया। इस मामले में छात्राओं का कहना है कि वे हॉस्टल में सुरक्षित महसूस नहीं कर रही हैं।उन्होंने हॉस्टल प्रशासन पर मामले को दबाने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। छात्राओं ने कहा कि हॉस्टल प्रशासन ने पैसे देकर मीडिया और पुलिस को वापस भेज दिया। आरोपी लड़की सबके सामने अपनी गलती का कबूलनामा करने वाली थी लेकिन प्रशासन ने यह भी नहीं होने दिया। उधर इस मामले में एसएसपी मोहाली विवेक सोनी ने बताया कि वीडियो वायरल करने के आरोप में एक छात्रा पर एफआईआर दर्ज की गई है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक मामला लुधियाना-चंडीगढ़ हाइवे पर स्थित एक निजी यूनिवर्सिटी से जुड़ा हुआ है। जहां सैकड़ों छात्रों ने शनिवार देर रात में ही विरोध जताया, जिसमें आरोप था कि एक साथी छात्रा द्वारा ही अन्य छात्रों के आपत्तिजनक वीडियो लीक किए गए है। इस घटना के सामने आने के बाद पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से शांत रहने की अपील की है, साथ ही आश्वासन दिया है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि यह एक बहुत ही संवेदनशील मामला है और हमारी बहनों और बेटियों की गरिमा से संबंधित है।