मोदी सरकार के 12 साल ऐतिहासिक, उत्तराखंड बना विकास का सबसे बड़ा लाभार्थी: सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष का ऐतिहासिक कार्यकाल पूरा होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। सोमवार को जारी एक विशेष संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में आज 'विकसित भारत' का संकल्प तेजी से धरातल पर साकार हो रहा है। उनके मार्गदर्शन में देश के साथ-साथ देवभूमि उत्तराखंड भी विकास, सुशासन और नवोदय के एक नए स्वर्णिम युग में प्रवेश कर चुका है। सीएम धामी ने रेखांकित किया कि प्रधानमंत्री के विजन का सबसे बड़ा लाभ उत्तराखंड को मिला है, जहाँ आज केंद्र के सहयोग से 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर रिकॉर्ड रफ्तार से काम चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के सेवा काल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। 'प्रधानमंत्री आवास योजना' के तहत देश के 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के घर मिले हैं, जबकि 81 करोड़ लोगों को हर महीने मुफ्त राशन और 'आयुष्मान भारत योजना' से 60 करोड़ लोगों को मुफ्त स्वास्थ्य सुरक्षा का कवच मिला है। उन्होंने बुनियादी ढांचे में आए बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के सात दशकों बाद जहां महज 3.2 करोड़ घरों तक नल से जल पहुंचा था, वहीं आज यह आंकड़ा 16 करोड़ को पार कर गया है। वर्ष 2014 तक देश के केवल 5 शहरों में मेट्रो थी, जो आज बढ़कर 26 शहरों तक पहुंच चुकी है। डिजिटल पेमेंट, अंतरिक्ष विज्ञान, रक्षा उत्पादन और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में आज भारत दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य की भौगोलिक बाधाओं को दूर करने के लिए केंद्र सरकार ने इंफ्रास्ट्रक्चर का जाल बिछा दिया है। चारधाम ऑल वेदर रोड और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के साथ-साथ अब रुद्रपुर बाईपास, सितारगंज-टनकपुर, और काठगोदाम-लालकुआं-हल्द्वानी बाईपास जैसी परियोजनाएं कनेक्टिविटी को नई रफ्तार दे रही हैं। उत्तराखंड के लोगों का सालों पुराना सपना रही 'ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना' अब पूर्णता की ओर है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन को भी केंद्र से हरी झंडी मिल चुकी है। 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत राज्य के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। इसके अलावा जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई पट्टियों के विस्तार के साथ 'उड़ान योजना' के तहत 18 हेलीपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं। सीएम धामी ने कहा कि 'पर्वतमाला परियोजना' के तहत गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे पर काम चल रहा है। केदारनाथ-बद्रीनाथ पुनर्विकास और 'मानसखंड मंदिर माला मिशन' से सांस्कृतिक राष्ट्रवाद सुदृढ़ हो रहा है। जमरानी, सौंग और लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजनाओं से राज्य को दीर्घकालिक सिंचाई व बिजली मिलेगी। स्वास्थ्य के क्षेत्र में किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर का काम शुरू हो चुका है, जबकि एम्स ऋषिकेश में देश की पहली 'हेली एम्बुलेंस' सेवा शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने सभी से आह्वान किया कि वर्ष 2047 तक भारत को आत्मनिर्भर बनाने की इस महायात्रा में अपना योगदान दें।