• Home
  • News
  • Modi Roars from Siliguri: 'Only BJP Resides in Bengal's Heart and Mind'; Warns TMC of a 'Reckoning' After May 4th

सिलीगुड़ी से मोदी का हुंकार: 'बंगाल के दिल-दिमाग में सिर्फ भाजपा',टीएमसी को दी 4 मई के बाद 'हिसाब' की चेतावनी

editor
  • Tapas Vishwas
  • April 12, 2026 12:04 PM
Modi Roars from Siliguri: 'Only BJP Resides in Bengal's Heart and Mind'; Warns TMC of a 'Reckoning' After May 4th

पश्चिम बंगाल की राजनीति में 'उत्तर बंगाल के प्रवेश द्वार' कहे जाने वाले सिलीगुड़ी से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक ऐसा शंखनाद किया है, जिसने राज्य के सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। एक विशाल जनसभा को संबोधित करने के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर समर्थकों के जनसैलाब का एक वीडियो साझा करते हुए स्पष्ट संदेश दिया- "बंगाल का मिजाज अब पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है।"

प्रधानमंत्री का सिलीगुड़ी आगमन किसी उत्सव से कम नहीं था। हेलीपैड पर उनके स्वागत के लिए उमड़ी भारी भीड़ को देखकर पीएम मोदी खुद को रोक नहीं पाए और उन्होंने अपने मोबाइल से समर्थकों की वीडियोग्राफी की। इस वीडियो को साझा करते हुए उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल का मिजाज देखने के लिए सिलीगुड़ी आइए। लोगों के दिलों-दिमाग में सिर्फ एक ही पार्टी है-भाजपा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है, जिसे बंगाल में बड़े राजनीतिक बदलाव की आहट माना जा रहा है। रैली के दौरान प्रधानमंत्री का रुख ममता बनर्जी सरकार के प्रति बेहद आक्रामक रहा। उन्होंने टीएमसी को खुली चुनौती देते हुए कहा, "टीएमसी वाले कान खोलकर सुन लें, 4 मई के बाद जब भाजपा सरकार बनेगी, तो पिछले 15 सालों के भ्रष्टाचार और लूट की पाई-पाई का हिसाब लिया जाएगा।" पीएम ने आरोप लगाया कि टीएमसी के 15 साल के शासन ने बंगाल को विकास के बजाय केवल 'बर्बादी' दी है। सिलीगुड़ी की रणनीतिक महत्ता को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पिछले कई दशकों से उत्तर बंगाल के साथ सौतेला व्यवहार किया गया है। उन्होंने कहा कि सिलीगुड़ी जैसे महत्वपूर्ण केंद्र को बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और उद्योगों के मामले में जानबूझकर पीछे रखा गया। पीएम ने वादा किया कि भाजपा की 'डबल इंजन' सरकार उत्तर बंगाल के गौरव को वापस लौटाएगी और इसे विकास का नया हब बनाएगी। प्रधानमंत्री ने रैली में मौजूद बड़ी संख्या में युवाओं को संबोधित करते हुए भावुक अपील की। उन्होंने कहा, "आज जो युवा यहां पहली बार वोट करने जा रहे हैं, वे 15 साल पहले पहली कक्षा में रहे होंगे। आपने 15 साल केवल टीएमसी के काले कारनामे देखे हैं। यह चुनाव किसी दल को जिताने का नहीं, बल्कि आपके भविष्य का मूल्यांकन करने और बंगाल की किस्मत बदलने का समय है। अंत में पीएम मोदी ने कहा कि विरोधियों की साजिशों के बावजूद जनता का जो प्यार उन्हें मिल रहा है, वही उनकी सबसे बड़ी पूंजी और ताकत है। उन्होंने खुद को देश और बंगाल की जनता के लिए पूरी तरह समर्पित बताते हुए कहा कि वह बंगाल के विकास के लिए दिन-रात काम करते रहेंगे। प्रधानमंत्री के इस दौरे ने साफ कर दिया है कि भाजपा इस बार बंगाल में किसी भी कीमत पर पीछे हटने वाली नहीं है और उत्तर बंगाल से शुरू हुई यह लहर टीएमसी के दुर्ग को हिलाने की क्षमता रखती है।


संबंधित आलेख: