• Home
  • News
  • Monsoon outcry before farewell: Disaster rains continue across the country! Flood-like situation created in many parts, water and water everywhere

विदाई से पहले मानसून का हाहाकारः देशभर में आफत की बारिश जारी! कई हिस्सों में बने बाढ़ जैसे हालात, हर तरफ पानी-पानी

editor
  • Awaaz24x7 Team
  • September 23, 2022 07:09 AM
Monsoon outcry before farewell: Disaster rains continue across the country! Flood-like situation created in many parts, water and water everywhere

नई दिल्ली। देशभर में बारिश से हालात बेहद खराब होते जा रहे हैं, मानसून के विदाई से पहले देशभर में झमाझम बारिश का दौर जारी है। कई जगहों पर बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई हिस्सों में बारिश हो रही है। गुरुवार को हुई भारी बारिश से दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस वे पर 5 किमी लंबा जाम लगा रहा। यूपी के इटावा में भारी बारिश होने से एक मकान की दीवार गिर गई, जिसमें 4 बच्चों की मौत हो गई। इंदौर-जबलपुर, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा शहरों में दो दिन से बारिश हो रही है। यह सिलसिला गुरुवार को भी जारी रहा। अनूपपुर जिले में सोन नदी में गुरुवार को स्कूली विद्यार्थियों से भरी नाव पलट गई। सभी बच्चे नदी पार कर स्कूल जा रहे थे। नदी के दूसरे छोर पर पहुंचते ही नाव पानी में समा गई। नाव में 18 लड़कियां और 2 लड़के सवार थे। हालांकि सभी बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया। वहीं बालाघाट जिले में बच्चे स्कूल जाने के लिए उफनते नाले को पार कर रहे हैं। नाले में करीब तीन फीट पानी है। ऐसे में एक ग्रामीण विद्यार्थियों को कंधे पर बैठाकर और हाथ पकड़कर नाला पार करा रहा है।
राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में शुक्रवार सुबह भी बारिश जारी रही। पिछले दो दिन से लगातार हो रही हल्की व मध्यम बारिश के कारण शहर में कई जगहों पर जलजमाव होने के कारण यातायात प्रभावित हुआ है। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम केंद्र ने ट्वीट किया, ‘दक्षिण दिल्ली, दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, एनसीआर (हिंडन वायुसैनिक अड्डा, गाजियाबाद, इंदिरापुरम, छपरौला, नोएडा, दादरी, ग्रेटर नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, बल्लभगढ़) यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कोटपुतली, अलवर (राजस्थान) में अगले दो घंटे में कई स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदा-बांदी होगी। 
देश में 24 सितंबर को उत्तराखंड, पश्चिम उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश में बारिश की संभावना बनी हुई है। इसके अलावा 25 सितंबर को उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल व सिक्किम में बारिश के आसार हैं। 


संबंधित आलेख: