देशभर में पहुंचा मानसूनः राहत के साथ आफत का दौर शुरू! मैदानी इलाकों में जलभराव ने बढ़ाई परेशानी तो पहाड़ों पर भूस्खलन से खतरा
देशभर में मानसून ने दस्तक दे दी है, लगातार हो रही बारिश से जहां गर्मी से राहत मिली है वहीं मुसीबतों का दौर भी शुरू हो गया है। कई जगहों पर बारिश से विकराल स्थिति पैदा हो रही है उत्तराखण्ड की बात करें तो यहां मेघ लगातार आफत बनकर बरस रहे हैं। जहां भूस्खलन से खासा जानमाल का खतरा हो रहा है वहीं कई जगहों पर सड़कें बाधित हो गयी हैं, जिससे लोगों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ों पर हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। उधर मौसम विभाग ने राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में अगले तीन दिन तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
उत्तराखण्ड की बात करें तो मौसम विभाग ने देहरादून और नैनीताल समेत पांच जिलों में आज भारी वर्षा होने की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा की संभावना जताते हुए आरेंज अलर्ट भी जारी किया गया है। मानसून की दस्तक के बाद से प्रदेश में गढ़वाल से लेकर कुमाऊं तक वर्षा का क्रम बना हुआ है। रविवार को राज्य के ज्यादातर क्षेत्रों में सुबह तेज धूप खिली रही।
दिल्ली में मौसम मेहरबान है। रविवार को झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हुआ और लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम भी लग गया। सड़कें फिर से तालाब बन गई। मध्यप्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते बारिश का सिलसिला लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। भोपाल में रविवार शाम डेढ़ घंटे में 1 इंच बारिश हुई। दो घंटे में अधिकतम तापमान 8.7 डिग्री गिरकर 24.8 डिग्री पर आ गया।