मोरबी पुल हादसाः ओरेवा समूह के निदेशक जयसुख पटेल ने किया आत्मसमर्पण! चार दिन पहले पुलिस ने दायर की थी चार्जशीट
नई दिल्ली। मोरबी पुल हादसे में ओरेवा समूह के निदेशक जयसुख पटेल ने आज कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बता दें कि चार दिन पहले मोरबी पुलिस ने पटेल के खिलाफ चार्जशीट दायर की थी। चार्जशीट में जयसुख पटेल का नाम भी शामिल था। इस मामले में ओरेवा ग्रुप के प्रमोटर जयसुख पटेल को आरोपी बनाया गया था। चार्जशीट में कहा गया था कि वह फरार हैं। पुल की मरम्मत की जिम्मेदारी ओरेवा ग्रुप के अजंता मैन्यूफैक्चरिंग लिमिटेड को दी गई थी। बता दें कि ब्रिटिश काल में बना यह सस्पेंशन ब्रिज 30 अक्टूबर को गिर गया था। इस हादसे में कम से कम 135 लोगों की मौत हो गई थी। पिछले साल दिवाली के बाद 30 अक्टूबर को यह हादसा हुआ था। पुल पर क्षमता से ज्यादा लोग पहुंच गए थे। 6 महीने से पुल की मरम्मत का काम चल रहा था, जिस कारण यह काफी समय से बंद था। दिवाली के बाद जब पुल को खोला गया तो काफी ज्यादा संख्या में लोग यहां पहुंच गए। इस दौरान यह भी सामने आया कि पुल को फिटनेस सर्टिफिकेट भी नहीं दिया गया था और लोगों को पुल पर जाने की अनुमति दे दी गई। इस मामले में 1,262 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की गई, जिसमें ओरेवा ग्रुप के प्रमोटर जयसुख पटेल को आरोपी बनाया गया है। शुक्रवार को पीड़ितों की ओर से पक्ष रख रहे अधिवक्ता दिलीप आगेचनिया ने कहा कि आरोप पत्र में 9 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं। एक सेशन कोर्ट पहले ही पटेल के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी कर चुकी थी।