हलचलः अब मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में महसूस हुए भूकंप के झटके! दहशत में घरों से बाहर निकले लोग, रिक्टर स्केल पर 4.0 रही तीव्रता
नई दिल्ली। मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में आज भूकंप के झटके महसूस किए गए। भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग घरों से बाहर निकल आए। रिक्टर स्केल पर भूकंप के झटकों की तीव्रता 4.0 दर्ज की गयी। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक भूकंप का केंद्र ग्वालियर से 28 किलोमीटर दूर जमीन से 10 किलोमीटर अंदर था। उधर छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर समेत आसपास के इलाकों में सुबह 10ः39 भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसका केंद्र सूरजपुर के भटगांव से 11 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। इससे पहले मंगलवार रात को भारत के कई राज्यों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए थे। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 6.6 थी। भूकंप का असर दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, जम्मू कश्मीर, हिमाचल, पंजाब, मध्यप्रदेश और उत्तराखंड समेत पूरे उत्तर भारत में देखने को मिला था। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान का हिंदू कुश क्षेत्र था।