नैनीताल में धूमधाम से मनाया गया सांसद अजय भट्ट का जन्मदिन! मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान, भाजपा कार्यकर्ताओं ने दी शुभकामनाएं
नैनीताल। नैनीताल में सांसद अजय भट्ट के जन्मदिन के मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने केक काटकर सांसद के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की। कार्यक्रम को खास बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में अपने-अपने विद्यालय का नाम रोशन करने वाले 22 मेधावी छात्र-छात्राओं को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान छात्रों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में विधायक सरिता आर्य ने भी भाग लिया। उन्होंने मेधावी छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है, जो व्यक्ति और समाज दोनों को आगे बढ़ाने का कार्य करती है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत करते हुए अपने लक्ष्य को हासिल करना चाहिए और समाज की बेहतरी में योगदान देना चाहिए। सरिता आर्य ने अपने संबोधन में कहा कि आज के युवा ही देश का भविष्य हैं और उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना होगा। उन्होंने कहा कि सभी को शिक्षित होकर समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस दौरान उन्होंने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी एक बार फिर मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत हासिल करेगी।