गला रेतकर हत्या, फिर बोरे में भरकर जंगल में फेंका शव! अज्ञात युवती की पहचान के लिए 7 राज्यों की खाक छान रही देहरादून पुलिस
देहरादून। थाना प्रेमनगर क्षेत्र के जामुनवाला जंगल में 18 नवंबर को बोरे में मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गई है। घटना के चार दिन बीत जाने के बावजूद मृतका की शिनाख्त नहीं हो सकी है। अब पुलिस की पूरी जांच मृतका के हाथ पर बने दो टैटू और आसपास के गर्ल्स हॉस्टलों के रिकॉर्ड पर टिक गई है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं, जो दिल्ली, चंडीगढ़ समेत 5 से 7 राज्यों की पुलिस से संपर्क साधकर गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल कर रही हैं। बीती 18 नवंबर को जामुनवाला के जंगल में कूड़े के ढेर के पास एक बोरे में युवती का शव बरामद हुआ था। मृतका के चेहरे और गले पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान थे। पुलिस का मानना है कि युवती की हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को बोरे में भरकर जंगल में फेंका गया। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल की ओर आने-जाने वाले मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। इस दौरान एक संदिग्ध कार नजर आई थी, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि टायर पंचर होने के कारण कार वहां रुकी थी। शिनाख्त के लिए पुलिस अब युवती के हाथ पर बने दो टैटू को सबसे अहम कड़ी मान रही है। इनमें एक टैटू करीब 10.12 साल पुराना है, जबकि नीचे बना गुलाब का टैटू 2-3 साल पुराना प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने इन टैटू के पंपलेट सार्वजनिक किए हैं और देहरादून के टैटू आर्टिस्टों से पूछताछ के बाद अब हरिद्वार, विकासनगर और पांवटा साहिब के आर्टिस्टों से संपर्क साधा जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस प्रेमनगर और आसपास के क्षेत्रों में संचालित हॉस्टलों में रहने वाली युवतियों का रिकॉर्ड जुटाकर मृतका के हुलिए और उम्र से मिलान कर रही है, ताकि यह पता चल सके कि हाल ही में कोई युवती अचानक लापता तो नहीं हुई है। थाना प्रेमनगर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि आठ टीमें सीसीटीवी, सर्विलांस और पूछताछ के माध्यम से अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही हैं। दिल्ली, चंडीगढ़ समेत कई राज्यों को पंपलेट भेजे गए हैं और जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।