नागपुर हिंसाः एक्शन में पुलिस महकमा! अबतक 5 एफआईआर दर्ज, कई इलाकों में लगा कर्फ्यू

नई दिल्ली। औरंगजेब की कब्र को लेकर उपजे विवाद के बीच सोमवार देर रात महाराष्ट्र के नागपुर में हुई हिंसा के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इस बीच प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और विधानसभा में पूरी घटना के कारण पर भी बात की है। नागपुर पुलिस ने हिंसा के मामले में अब तक 5 एफआईआर दर्ज किए हैं। जिन घरों पर जिन वाहनों का नुकसान हुआ है, उसका पंचनामा शुरू कर दिया गया है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 2 एफआईआर गणेश पेठ थाने के तहत हुए हैं, तो वहीं 3 एफआईआर तहसील पुलिस थाने के अंतर्गत किए गए हैं। पुलिस ने अब तक 47 लोगों को डिटेन किया है। नागपुर के जोन 3, जोन 4, जोन 5 के अंतर्गत सभी पुलिस थाने के क्षेत्र में कर्फ्यू लगाया गया है। जानकारी के मुताबिक नागपुर में सोमवार की रात हिंसा करते हुए उपद्रवियों ने 38 दोपहिया वाहनों को नुकसान हुआ है। 5 कारों को नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा 2 जेसीबी और 1 क्रेन को भी नुकसान पहुंचाया गया है। इसके अलावा एक सरकारी वाहन को नुकसान पहुंचाया गया है। जख्मियों की संख्या का जिक्र किया जाए तो इस हिंसा में 5 नागरिक जख्मी हुए हैं। इन्हें नागपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 5 में से 3 को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी है। दो का इलाज चल रहा है। इनमें से एक आईसीयू में है। 33 पुलिस कर्मचारी और अधिकारी घायल हुए हैं। इनमें 1 पुलिस उपायुक्त घायल हुए हैं, 1 सह पुलिस आयुक्त, पुलिस निरीक्षक/पुलिस उप निरीक्षक 14 और कर्मचारी 15 घायल हुए हैं।