• Home
  • News
  • Nainital: ₹100 toll tax on two-wheelers is unjust! Pradeep Singh Bora said – if the decision is not reversed, we will go to the High Court and Supreme Court.

नैनीताल: टू व्हीलर पर 100 रुपये का टोल टैक्स अन्यायपूर्ण!प्रदीप सिंह बोरा बोले - फैसला वापस नहीं हुआ तो जाएंगे हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट

editor
  • Kanchan Verma
  • July 16, 2026 01:07 PM
Nainital: ₹100 toll tax on two-wheelers is unjust! Pradeep Singh Bora said – if the decision is not reversed, we will go to the High Court and Supreme Court.

नैनीताल। नैनीताल नगर पालिका द्वारा टोल टैक्स वसूली का नया ठेका दिए जाने के बाद इसका विरोध तेज होने लगा है। इसी मुद्दे को लेकर प्रदीप सिंह बोरा की अध्यक्षता में स्थानीय नागरिकों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें नगर पालिका के निर्णय पर गंभीर आपत्ति जताई गई।
बैठक में वक्ताओं का कहना था कि नगर पालिका ने टोल टैक्स लागू करने का फैसला बिना व्यापक जनहित और स्थानीय लोगों पर पड़ने वाले प्रभाव का आकलन किए लिया है। उनका आरोप है कि इस निर्णय का सबसे अधिक असर उन लोगों पर पड़ेगा, जो रोज़गार, व्यापार या अन्य कार्यों के सिलसिले में प्रतिदिन नैनीताल आते-जाते हैं।
प्रदीप सिंह बोरा ने कहा कि दोपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क लिया जाना अलग विषय है, लेकिन टोल के नाम पर 100 रुपये की वसूली पूरी तरह अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि टोल टैक्स लागू करना ही है तो इसकी दरें व्यावहारिक और सभी के लिए समान होनी चाहिए। उन्होंने 200 और 300 रुपये जैसी अलग-अलग दरों पर भी सवाल उठाते हुए एक समान शुल्क व्यवस्था लागू करने की मांग की।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2012 में ठंडी सड़क और 12 पत्थर क्षेत्र में टोल वसूली को लेकर उत्पन्न विवादों के बाद हाईकोर्ट के हस्तक्षेप से व्यवस्था हटाई गई थी। ऐसे में नगर पालिका को पुराने अनुभवों से सीख लेते हुए इस फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए।
बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि नगर पालिका ने टोल टैक्स संबंधी निर्णय वापस नहीं लिया तो स्थानीय नागरिक इस मामले को लेकर पहले हाईकोर्ट और आवश्यकता पड़ने पर सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने को मजबूर होंगे।
बैठक में प्रदीप सिंह बोरा के अलावा बॉबी मलिक, अभय साह, नईम खान, शिवराज सिंह, आशीष भट्ट, अशोक साह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: