नैनीतालः इलाज के दौरान अस्पताल से अचानक फरार हुआ मानसिक रूप से अस्वस्थ मरीज! मेट्रोपोल क्षेत्र में नाले में लगाई छलांग, पुलिस ने किया रेस्क्यू
नैनीताल। नैनीताल के बीडी पांडे अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने अस्पताल से भागकर नाले में छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार घोड़ाखाल के रहने वाले यशपाल बीडी पांडे अस्पताल में इलाज करा रहे थे। बृहस्पतिवार की सुबह डॉ. एमएस दुग्ताल ने उनका इलाज किया, लेकिन थोड़ी देर बाद यशपाल अस्पताल से अचानक भाग गए। वे भागते हुए मेट्रोपोल क्षेत्र तक पहुंचे, जहां उन्होंने नाले में छलांग लगा दी। इस दौरान आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम घटनास्थल पर पहुंची और यशपाल को रेस्क्यू कर अस्पताल वापस लाया गया। वहां उनकी हालत को देखते हुए उन्हें पुनः भर्ती कर लिया गया। एसआई दीपक कार्की ने बताया कि यशपाल मानसिक रूप से अस्वस्थ थे, जिसके कारण उन्होंने इस कदम को अंजाम दिया। फिलहाल उन्हें सुरक्षित अस्पताल में रखा गया है और उनकी देखभाल की जा रही है।