नैनीताल: बढ़ती पर्यटकों की भीड़ के बीच जिलाधिकारी की अपील! यातायात नियमों का करें पालन, स्थानीय संस्कृति का रखें सम्मान! विभागों को भी दिए सख्त निर्देश
नैनीताल। नैनीताल के विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ते पर्यटकों की संख्या के मद्देनजर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपद में आने वाले सभी पर्यटकों, श्रद्धालुओं, प्रवासियों एवं अतिथियों से अपील करते हुए कहा है कि वे यातायात नियमों का अनुपालन करने के साथ ही स्थानीय संस्कृति एवं परंपराओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि जनपद में बढ़ती पर्यटक गतिविधियों को देखते हुए सभी आगंतुकों का दायित्व है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे अनियोजित ढंग से खड़ा न कर निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे। ताकि स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन एवं पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर नियमित रूप से चेकिंग अभियान संचालित किए जा रहे हैं। ऐसे में पर्यटक प्रशासन का सहयोग करें तथा यातायात नियमों का पूर्ण पालन करें। जिलाधिकारी ने इस संबंध में जिला प्रशासन सहित पुलिस, परिवहन, नगर निकाय, जिला पंचायत, पेयजल व पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह जिले में आने वाले पर्यटकों, आगन्तुकों हेतु सभी सड़क मार्गों क्षेत्रों में यातायात व्यस्था सुदृढ़ रखने के साथ ही पार्किंग स्थलों में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।