नैनीताल: क्या वरिष्ठ नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे?चीना बाबा मंदिर के पास वरिष्ठ नागरिक से हाथापाई के बाद व्यापार मंडल में रोष,पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
नैनीताल में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है। चीना बाबा मंदिर के निकट नगर के प्रतिष्ठित कारोबारी एवं होटल व्यवसायी प्रदीप कुमार जेठी के साथ कथित अभद्रता और हाथापाई की घटना के बाद व्यापारियों और वरिष्ठ नागरिकों में आक्रोश और भय का माहौल है।
माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं शहर के शांत वातावरण और नागरिक सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि बीते समय में भी नैनीताल में वरिष्ठ नागरिकों के साथ अभद्रता और असुरक्षा की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे बुजुर्गों के भीतर स्वाभाविक रूप से डर का माहौल बन रहा है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल जैसे पर्यटन और शांत शहर में यदि वरिष्ठ नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करेंगे तो यह प्रशासन और कानून व्यवस्था के लिए चिंताजनक स्थिति होगी। खासतौर पर देर रात के समय शहर के कई हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोग चिंता जता रहे हैं।
व्यापार मंडल ने पुलिस और प्रशासन से मांग की है कि रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिक भी भयमुक्त वातावरण में रह सकें।
पुनीत टंडन ने कहा कि प्रशासन से अपेक्षा है कि ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे, जिससे लोगों में सुरक्षा और विश्वास का माहौल कायम हो सके।