नैनीताल:लोअर मॉल रोड पर आंदोलन गरमाया तो अब सामने आईं विधायक सरिता आर्या,पुनीत टंडन से मिलने पहुंचीं!समाधान का दिया भरोसा
नैनीताल में लोअर मॉल रोड की समस्याओं को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच विधायक सरिता आर्या ने सोमवार रात आंदोलनकारी पुनीत टंडन से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने पुनीत टंडन से स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने का अनुरोध किया।
विधायक ने कहा कि लोअर मॉल रोड से जुड़ी मांगों और जनहित के मुद्दों को प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह स्वयं पुनीत टंडन को साथ लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक करेंगी और समस्या के समाधान के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा।
मुलाकात के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की ने भी पुनीत टंडन से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस तरह के महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में तकनीकी पहलुओं और सुरक्षा मानकों के कारण समय लग सकता है, लेकिन कार्य की गुणवत्ता और मजबूती से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
विधायक सरिता आर्या ने कहा कि नैनीताल की सुरक्षा और विकास को लेकर सरकार और प्रशासन गंभीरता से काम कर रहे हैं। उन्होंने बलियानाला में चल रहे सुरक्षा कार्यों और ठंडी सड़क स्थित हॉस्टल के नीचे क्षतिग्रस्त पहाड़ी को मजबूत करने के कार्यों का उदाहरण देते हुए कहा कि शहर की सुरक्षा से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि नैनीताल केवल वर्तमान समस्याओं के समाधान तक सीमित नहीं है, बल्कि ऐसे स्थायी और सुरक्षित विकास की जरूरत है जो आने वाले वर्षों में भी शहर को सुरक्षित रख सके। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और गुणवत्ता सर्वोच्च स्तर की रहे, इस पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की और विधानसभा सोशल मीडिया संयोजक भारत सिंह मेहरा भी मौजूद रहे।