नैनीताल बिग ब्रेकिंगः कमरे में अंगीठी जलाकर सो रहा था परिवार! कुछ ही देर में छाई बेहोशी, महिला के गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की मौत
नैनीताल। सरोवर नगरी से एक दुखद खबर सामने आ रही है। यहां तल्लीताल क्षेत्र में अंगीठी की गैस से दंपती बेहोश हो गया। बेहोशी की हालत में पड़ोसियों द्वारा उन्हें बीडी पाण्डे अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा है। दुख की बात यह है कि अंगीठी की गैस से महिला के गर्भ में पल रहे आठ माह के बच्चे की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार ललित अपनी पत्नी दीपिका के साथ तल्लीताल क्षेत्र में रहते हैं। शनिवार रात ललित ने कमरे में अंगीठी जलाई और खाना खाने के बाद दोनों सो गए। देर रात अचानक ललित को चक्कर आने लगे तो किसी तरह उन्होंने इसकी जानकारी पड़ोसियों को दी। पड़ोसियों के मौके पर पहुंचने तक दोनों बेहोश हो चुके थे। पड़ोसियों ने दोनों को बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया।
इसके बाद रविवार सुबह जब दोनों को होश आया तो चिकित्सकों को महिला के गर्भवती होने की जानकारी मिली। सुबह की गई जांच में डाक्टरों ने पाया कि गर्भ में पल रहे भ्रूण में हलचल हो रही है लेकिन देर शाम जांच के दौरान भ्रूण ने हलचल करनी बंद कर दी। अस्पताल के पीएमएस डॉ. एलएमएस रावत ने गर्भ में पल रहे भ्रूण के मौत की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि महिला को 24 घंटे के लिए अस्पताल में रखा गया है। 24 घंटे बाद मृत भ्रूण निकाला जाएगा। इस घटना से दंपती का रो-रोकर बुरा हाल है और परिजन दुखी हैं।