नैनीताल:दोपहिया टोल वसूली के खिलाफ BJP सड़क पर उतरने को तैयार, विधायक सरिता आर्या ने भी जताया विरोध,तुगलकी फरमान वापस लो,नहीं तो होगा बड़ा आंदोलन
नैनीताल। नैनीताल नगर पालिका की ओर से दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूली शुरू किए जाने के बाद विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी भी खुलकर सामने आ गई है। भाजपा ने नगर पालिका के फैसले को "जनविरोधी और तुगलकी फरमान" बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि निर्णय वापस नहीं लिया गया तो पार्टी नगर पालिका के खिलाफ बड़ा आंदोलन करेगी।
भाजपा नेताओं का कहना है कि पर्यटन नगरी नैनीताल में दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूलने का फैसला स्थानीय लोगों के साथ-साथ पर्यटकों पर भी अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने वाला है। उनका आरोप है कि नगर पालिका पिछले एक-दो वर्षों से लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनमें आम जनता की भावनाओं और जनहित की अनदेखी की जा रही है।
इस मुद्दे पर नैनीताल विधायक सरिता आर्या ने भी नगर पालिका के निर्णय का विरोध किया। उन्होंने कहा कि वह आम जनता को परेशान करने वाले किसी भी फैसले के खिलाफ खड़ी हैं। उनके अनुसार शहर में बनने वाले नियम पर्यटन और स्थानीय लोगों की भावनाओं के अनुरूप होने चाहिए। उन्होंने दोपहिया वाहनों से टोल टैक्स वसूली का पुरजोर विरोध करते हुए नगर पालिका से इस निर्णय पर तत्काल पुनर्विचार करने की मांग की।
विरोध प्रदर्शन में भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, जिला उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा, महिला आयोग सदस्य बिमला अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में टोल टैक्स व्यवस्था का विरोध करते हुए इसे वापस लेने की मांग उठाई।
भाजपा ने स्पष्ट कहा है कि यदि नगर पालिका ने दोपहिया वाहनों से टोल वसूली का आदेश वापस नहीं लिया, तो पार्टी सड़क पर उतरकर व्यापक जन आंदोलन शुरू करेगी।