नैनीताल ब्रेकिंगः बल्दियानाला के पास मिला चार दिन से लापता युवक का शव! इलाके में फैली सनसनी, परिजनों में मचा कोहराम
नैनीताल। यहां बल्दियानाला के समीप युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। सूचना पर एसडीआरएफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गयी है। युवक की शिनाख्त 19 वर्षीय सनी बाल्मीकि के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह चार दिनों से लापता था और परिजन तथा पुलिस की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आज मंगलवार शाम को किसी ने सूचना दी कि बल्दियानाला के पास एक युवक का शव पड़ा हुआ है। इसके बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर उसकी शिनाख्त की। वहीं सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें पहुंच गयी हैं। युवक का शव मिलने से जहां क्षेत्र में सनसनी फैली हुई है वहीं उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। सनी की मौत कैसे हुई और उसकी लाश बल्दियानाले के पास कैसे पहुंची इसकी जांच में पुलिस जुटी हुई है।