• Home
  • News
  • Nainital: Congress protests against inflation, burning effigies of the central government over rising prices of petrol, diesel, and cooking gas.

नैनीतालः महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन! पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों पर केंद्र सरकार का फूंका पुतला

editor
  • Awaaz Desk
  • May 17, 2026 01:05 PM
Nainital: Congress protests against inflation, burning effigies of the central government over rising prices of petrol, diesel, and cooking gas.

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में कांग्रेस ने बढ़ते पेट्रोल, डीज़ल और गैस के दामो में बढ़ोतरी को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर आम जनता पर लगातार महंगाई का बोझ बढ़ाने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की और मूल्यवृद्धि को जनविरोधी फैसला करार दिया। मल्लीताल स्थित पंत पार्क में उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में एकत्रित हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और भाजपा सरकार का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का जीवन लगातार कठिन होता जा रहा है और महंगाई ने हर वर्ग की कमर तोड़ दी है। इस मौके पर कांग्रेस नगर अध्यक्ष सचिन नेगी ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार ने कुछ राज्यों में विधानसभा चुनाव समाप्त होते ही रसोई गैस सिलेंडर के दामों में भारी वृद्धि कर दी। इसके साथ ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भी इजाफा किया गया है, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई से गरीब, मध्यम वर्ग और मजदूर वर्ग सबसे ज्यादा प्रभावित हो रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनावों के दौरान जनता को राहत देने के दावे करती है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही महंगाई बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा हमला करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी नीति का पुरजोर विरोध करती है और यदि सरकार ने जल्द ही मूल्यवृद्धि वापस नहीं ली तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी का सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं पर पड़ रहा है, जिससे बाजार में हर जरूरी सामान महंगा हो रहा है। इससे आम परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।


संबंधित आलेख: