नैनीताल:लोअर मॉल रोड पर डेडलाइन फेल, अब 10 नवंबर आखिरी तारीख! पुनीत टंडन बड़े कदम की चेतावनी देते हुए बोले नैनीताल के मुद्दों पर कोई समझौता नहीं
नैनीताल। लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए खोलने में हो रही देरी को लेकर मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने के संकेत दिए हैं। व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने स्पष्ट किया है कि यदि 10 नवंबर 2026 तक लोअर मॉल रोड को ट्रैफिक के लिए नहीं खोला गया, तो वह 11 नवंबर को बड़ा कदम उठाएंगे। इसकी घोषणा एक नवंबर को सार्वजनिक रूप से की जाएगी और विभाग व प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी जाएगी।
पुनीत टंडन ने 14 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि लोअर मॉल रोड सहित नैनीताल के अन्य मुद्दों को लेकर उनका संघर्ष जारी है। उन्होंने बताया कि धरने के दौरान विभाग की ओर से 10 अक्टूबर तक सड़क खोलने का लिखित आश्वासन दिया गया था। इसी आधार पर धरना समाप्त नहीं, बल्कि स्थगित किया गया था।
उन्होंने कहा कि सड़क को खोलने के लिए विभाग को गुणवत्ता के साथ काम पूरा करने का अवसर देते हुए 10 नवंबर तक एक महीने का अतिरिक्त समय दिया गया है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि समयसीमा को अनिश्चितकाल तक नहीं बढ़ाया जा सकता।
पुनीत टंडन के मुताबिक, हाल ही में कैंची धाम में हुई बैठक के दौरान उच्च अधिकारी राजेश पंत ने अक्टूबर 2026 के अंतिम सप्ताह तक लोअर मॉल रोड को यातायात के लिए खोलने का आश्वासन दिया है। वहीं, कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत ने भी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मामला नवंबर तक नहीं खिंचना चाहिए।
इसके बावजूद यदि सड़क खोलने में देरी होती है और 10 नवंबर की तय समयसीमा पार हो जाती है, तो 11 नवंबर को प्रस्तावित बड़े कदम की घोषणा के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी। टंडन ने कहा कि इसकी रूपरेखा एक नवंबर को सार्वजनिक की जाएगी, ताकि प्रशासन और संबंधित विभागों को पहले ही स्थिति से अवगत कराया जा सके।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि लोअर मॉल रोड का मामला नैनीताल के लोगों, व्यापारियों और शहर की यातायात व्यवस्था से जुड़ा है। उन्होंने दोहराया कि शहर के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा और वह किसी भी तरह का समझौता नहीं करेंगे।
बहरहाल अब फिर ये देखना होगा कि विभाग तय समय के भीतर सड़क को यातायात के लिए खोल पाता है या फिर 10 नवंबर की समयसीमा के बाद आंदोलन का अगला चरण सामने आता है।