• Home
  • News
  • Nainital: Development projects inaugurated at Kumaon University! MP Bhatt said, "The university has enhanced Uttarakhand's prestige by being included among the top 26 universities in the country."

नैनीतालः कुमाऊं विवि में विकास कार्यों का लोकार्पण! सांसद भट्ट बोले- देश की शीर्ष 26 यूनिवर्सिटीज़ में शामिल होकर विवि ने बढ़ाया उत्तराखंड का मान

editor
  • Awaaz Desk
  • May 15, 2026 12:05 PM
Nainital: Development projects inaugurated at Kumaon University! MP Bhatt said, "The university has enhanced Uttarakhand's prestige by being included among the top 26 universities in the country."

नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल में नवीकरण एवं विकास कार्यों के लोकार्पण का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में उपस्थित रहे। इस दौरान विधायक सरिता आर्या और दर्जा राज्यमंत्री शांति मेहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंची। अतिथियों का विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कुमाऊं विश्वविद्यालय परिसर में हुए विभिन्न नवीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें शहीद महावीर चक्र मेजर राजेश सिंह अधिकारी केंद्रीय पुस्तकालय का रीडिंग रूम, मदन मोहन मालवीय मिशन शिक्षण प्रशिक्षण केंद्र स्थित प्रेक्षागृह तथा अतिथि गृह के नवीकरण कार्य प्रमुख रूप से शामिल रहे। लोकार्पण के बाद विश्वविद्यालय परिसर में विकास कार्यों का अवलोकन किया गया और इन सुविधाओं को विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण कदम बताया गया। इस दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति दीवान सिंह रावत ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा हाल के वर्षों में अर्जित उपलब्धियों, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, शोध गतिविधियों के विस्तार और विद्यार्थियों को दी जा रही आधुनिक सुविधाओं की जानकारी दी। कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं और आने वाले समय में इसे नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का लक्ष्य है। सांसद अजय भट्ट ने अपने संबोधन में विश्वविद्यालय प्रशासन और कुलपति की सराहना करते हुए कहा कि कुमाऊं विश्वविद्यालय का तेजी से कायाकल्प हुआ है।

उन्होंने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि यह गर्व की बात है कि देश की शीर्ष 26 विश्वविद्यालयों में कुमाऊँ विश्वविद्यालय का नाम भी शामिल है, जो पूरे उत्तराखंड के लिए सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज की प्रगति की आधारशिला होती है और विश्वविद्यालयों को केवल डिग्री देने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करना चाहिए। उन्होंने भरोसा जताया कि कुमाऊं विश्वविद्यालय आने वाले वर्षों में राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान मजबूत करेगा। राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद अजय भट्ट ने विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन पूरी तरह बिखर चुका है और देश की जनता ने उसे नकार दिया है। उन्होंने कहा कि इसका परिणाम हालिया पश्चिम बंगाल चुनावों के दौरान साफ दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और देश विकास के पथ पर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार शिक्षा, आधारभूत संरचना और नवाचार के क्षेत्र में तेजी से काम कर रही है और इसका लाभ देश के हर हिस्से को मिल रहा है। उत्तराखंड में भी विकास की रफ्तार पहले की तुलना में काफी तेज हुई है और इसका असर शिक्षा संस्थानों में भी दिखाई दे रहा है। इस दौरान देश में ईंधन संकट और ऊर्जा संरक्षण के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। सांसद अजय भट्ट ने उत्तराखंड हाईकोर्ट द्वारा मनाए गए नो व्हीकल डे की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण और ईंधन बचत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। 

 


संबंधित आलेख: