नैनीताल:डीएसए मैदान में ईद की नमाज को हाईकोर्ट से मंजूरी,हाईकोर्ट के आदेश का सभासदों ने किया स्वागत, जताया आभार
नैनीताल में ईद-उल-जुहा की नमाज को लेकर डीएसए मैदान पर बना विवाद आखिरकार समाप्त हो गया है। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने डीएसए मैदान में नमाज अदा करने की अनुमति प्रदान कर दी है। अदालत के इस फैसले के बाद मुस्लिम समुदाय में खुशी का माहौल है, वहीं प्रशासनिक आदेश के विरोध में आवाज उठाने वाले नगर पालिका परिषद नैनीताल के सभासदों ने भी फैसले का स्वागत करते हुए न्यायालय के प्रति आभार व्यक्त किया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने डीएसए मैदान को धार्मिक आयोजन के लिए उपलब्ध कराने से इनकार कर दिया था। प्रशासन की ओर से कहा गया था कि मैदान मुख्य रूप से खेल गतिविधियों के लिए आरक्षित है तथा वर्तमान में वहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और टूर्नामेंट आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में मैदान को किसी धार्मिक आयोजन के लिए उपलब्ध कराना संभव नहीं होगा।
डीएम के इस निर्णय के बाद मामला तूल पकड़ गया था। नगर पालिका परिषद नैनीताल के सभासदों के एक शिष्टमंडल ने कुमाऊं मंडल आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर पालिका ग्राउंड में ईद की नमाज की अनुमति दिए जाने की मांग की थी। इसके बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जहां सुनवाई के उपरांत हाईकोर्ट ने डीएसए मैदान में नमाज अदा करने की अनुमति प्रदान कर दी।
हाईकोर्ट के फैसले का स्वागत करते हुए सभासदों ने इसे सामाजिक सौहार्द और धार्मिक भावनाओं के सम्मान से जुड़ा महत्वपूर्ण निर्णय बताया। धन्यवाद ज्ञापित करने वालों में गजाला कमाल, सपना बिष्ट, भगवत रावत, मनोज साह जगाती, जितेंद्र ‘जीनू’ पांडे, अंकित चंद्र, रमेश प्रसाद, रिकी पवार, सुरेंद्र कुमार बाबू, लता दफौटी, गीता उप्रेती, काजल, शीतल कटियार तथा मुकेश जोशी (मोंटू) सहित अन्य लोग शामिल रहे।