• Home
  • News
  • Nainital: Is FASTag on Mall Road just a sham? Tandon questions the toll collection using cash and QR codes. A video has been released demanding an investigation.

नैनीताल:मॉल रोड पर FASTag या सिर्फ दिखावा:टंडन! कैश और QR से हो रही टोल वसूली पर उठाए सवाल! वीडियो जारी कर जांच की मांग

editor
  • Kanchan Verma
  • November 11, 2026 12:11 PM
Nainital: Is FASTag on Mall Road just a sham? Tandon questions the toll collection using cash and QR codes. A video has been released demanding an investigation.

नैनीताल।

नैनीताल की मॉल रोड पर ट्रैफिक जाम और बॉटलनेक की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से शुरू की गई FASTag व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। माँ नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने आरोप लगाया है कि मॉल रोड पर FASTag सिस्टम लगाए जाने के बावजूद वाहनों को अब भी नकद भुगतान, क्रेडिट कार्ड मशीन और QR कोड के माध्यम से ही पास कराया जा रहा है। ऐसे में FASTag व्यवस्था का वास्तविक उद्देश्य पूरा होता नजर नहीं आ रहा है।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के साथ पुनीत टंडन ने एक वीडियो क्लिप भी साझा की है। उनका दावा है कि वीडियो में टोल वसूली के दौरान नकदी, कार्ड मशीन और QR कोड का इस्तेमाल साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि FASTag व्यवस्था वास्तव में लागू की गई है तो उसका उपयोग जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा है।

पुनीत टंडन के मुताबिक, मॉल रोड पर FASTag लागू करने का उद्देश्य टोल बैरियर पर वाहनों की लंबी कतारों को कम करना और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाना था। इस संबंध में जिलाधिकारी, कुमाऊं कमिश्नर और मुख्यमंत्री के सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठकों में भी चर्चा की गई थी। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी ने भी इस व्यवस्था को जल्द शुरू करने की आवश्यकता पर जोर दिया था। इसके बावजूद वर्तमान स्थिति में व्यवस्था के प्रभावी संचालन पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जब नगर पालिका नैनीताल टोल वसूली का काम संभाल रही थी, उस दौरान HDFC बैंक की ओर से तीन स्थानों के लिए FASTag व्यवस्था से संबंधित उपकरण उपलब्ध कराए गए थे। उनका दावा है कि ये उपकरण आज भी नगर पालिका के गोदाम में धूल फांक रहे हैं। बाद में निजी टेंडर प्रक्रिया के बाद संबंधित ठेकेदार की ओर से FASTag सिस्टम लगाए जाने की बात सामने आई, लेकिन इसके वास्तविक इस्तेमाल को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।

पुनीत टंडन ने यह मुद्दा ट्रैफिक प्रबंधन के लिए गठित हाई पावर्ड कमेटी में भी उठाने की बात कही है। उन्होंने बताया कि उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित इस कमेटी में वह व्यापार मंडल अध्यक्ष के तौर पर शामिल हैं। उनका कहना है कि जरूरत पड़ने पर वह कमेटी के स्टैंडिंग काउंसिल और संबंधित अधिकारियों को लिखित रूप में पूरी स्थिति से अवगत कराएंगे।

व्यापार मंडल अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की है कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचकर FASTag व्यवस्था की प्रभावशीलता की जांच करें और यह सुनिश्चित करें कि टोल बैरियर पर वाहनों को अनावश्यक रूप से रुकना न पड़े। उन्होंने चेताया कि दिवाली की छुट्टियों के बाद पर्यटकों की आवाजाही कम होने के बावजूद यदि यह स्थिति है तो आगामी पर्यटन सीजन में ट्रैफिक जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।

उन्होंने कहा कि माँ नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल इस संबंध में अपनी आपत्ति और शिकायत जिलाधिकारी कार्यालय में भी लिखित रूप से दर्ज कराएगा।


संबंधित आलेख: