नैनीतालः 10 साल से सड़क का इंतजार कर रहा कृष्णापुर! बलियानाला भूस्खलन के बाद ध्वस्त हुआ संपर्क मार्ग आज तक नहीं बना, स्कूली बच्चों ने डीएम को सौंपा ज्ञापन
नैनीताल। नैनीताल के कृष्णापुर क्षेत्र में सड़क निर्माण की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट का घेराव किया। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि वर्ष 2016 में बलियानाला क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद कृष्णापुर का संपर्क मार्ग ध्वस्त हो गया था, जिसके बाद से आज तक उन्हें परेशानी उठानी पड़ रही है। इससे पहले सड़क संपर्क बहाल करने की मांग को लेकर स्थानीय लोग जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। वहां जमकर नारेबाजी की गई। इसके बाद क्षेत्र के बच्चों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर करीब तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्ष 2016 में बलियानाला में हुए भूस्खलन के बाद कृष्णापुर का संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद क्षेत्रवासियों को नैनीताल पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक रास्ता तय करना पड़ता है। सड़क नहीं होने का सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, बीमार व्यक्ति को बीडी पांडे अस्पताल तक पहुंचाने के लिए कई किलोमीटर तक कंधे पर उठाकर ले जाना पड़ता है।