• Home
  • News
  • Nainital: Local brands get a new platform; a glimpse of creativity seen at the pop-up market.

नैनीताल:लोकल ब्रांड्स को मिला नया मंच, पॉप-अप मार्केट में दिखी रचनात्मकता की झलक

editor
  • Kanchan Verma
  • June 15, 2026 05:06 PM
Nainital: Local brands get a new platform; a glimpse of creativity seen at the pop-up market.

नैनीताल।

 शहर के फ्रीमेसन्स हॉल में 13 और 14 जून को आयोजित दो दिवसीय पॉप-अप मार्केट ने स्थानीय उद्यमियों, कलाकारों और हस्तशिल्पकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का शानदार मंच प्रदान किया। 14 स्थानीय ब्रांड्स के संयुक्त प्रयास से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्थानीय उत्पादों और रचनात्मकता का आनंद लिया।

 

कार्यक्रम में पेपर माशे उत्पाद, ऐपण आधारित होम डेकोर, हस्तनिर्मित ज्वेलरी, क्रोशिया आइटम, प्राकृतिक रंगों से तैयार परिधान, ऑर्गेनिक उत्पाद, टैरो रीडिंग, हेल्दी सलाद, बेकरी आइटम, आकर्षक इलस्ट्रेशन तथा एम्ब्रॉयडरी वर्कशॉप जैसे विभिन्न स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। आगंतुकों ने न केवल इन उत्पादों की खरीदारी की, बल्कि इनके पीछे छिपी कला और मेहनत को भी करीब से जाना।


आयोजकों के अनुसार इस पॉप-अप का उद्देश्य स्थानीय छोटे व्यवसायों और उभरते कलाकारों को प्रोत्साहन देना था। कार्यक्रम को लोगों का भरपूर समर्थन मिला और बड़ी संख्या में पहुंचे आगंतुक यहां प्रदर्शित रचनात्मकता और नवाचार से प्रभावित नजर आए।

 

आयोजक उदीशा अग्रवाल ने बताया कि इस पॉप-अप मार्केट का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों, हस्तशिल्पकारों और छोटे व्यवसायों को एक साझा मंच उपलब्ध कराना था, ताकि वे अपने उत्पादों और कला को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि लोगों से मिले उत्साहजनक सहयोग और सकारात्मक प्रतिक्रिया ने आयोजन को सफल बना दिया तथा भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रेरणा दी है।
दो दिनों तक चले इस आयोजन ने यह साबित किया कि नैनीताल में स्थानीय कला, हस्तशिल्प और उद्यमिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह मौजूद है।


संबंधित आलेख: