• Home
  • News
  • Nainital: Lower Mall Road Project Remains Incomplete Even After Nine Months; Trade Association Expresses Resentment, Demands Opening of Road Before Kainchi Dham Foundation Day

नैनीताल:नौ महीने बाद भी अधूरा लोअर मॉल रोड का कार्य,व्यापार मंडल ने जताई नाराज़गी,कैची धाम स्थापना दिवस से पहले लोअर मॉल रोड खोलने की मांग

editor
  • Kanchan Verma
  • May 21, 2026 04:05 PM
Nainital: Lower Mall Road Project Remains Incomplete Even After Nine Months; Trade Association Expresses Resentment, Demands Opening of Road Before Kainchi Dham Foundation Day

नैनीताल में लोअर मॉल रोड पर चल रहे मरम्मत एवं दरार सुधार कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर माँ नयना देवी व्यापार मंडल ने नाराजगी जताई है। व्यापार मंडल के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता रत्नेश से मुलाकात कर जल्द कार्य पूरा कराने की मांग उठाई।
व्यापार मंडल का कहना है कि लोअर मॉल रोड पर सितंबर-अक्टूबर 2025 से कार्य चल रहा है, लेकिन करीब नौ माह बीत जाने के बाद भी सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। कई बार कार्य पूर्ण होने की तिथियां घोषित की गईं, मगर हर बार समयसीमा आगे बढ़ती रही।
व्यापार मंडल के अनुसार पहले मार्च 2026 के अंत तक कार्य पूरा करने की बात कही गई थी। इसके बाद विभाग की ओर से “हर हाल में” 20 मई तक सड़क खोलने का आश्वासन दिया गया। वहीं अप्रैल के तीसरे सप्ताह में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित पर्यटन सीजन तैयारियों की बैठक में भी संबंधित अधिकारियों ने एक माह के भीतर कार्य पूर्ण कराने का भरोसा दिया था। इसके बावजूद अब तक सड़क पूरी तरह तैयार नहीं हो पाई है।
व्यापार मंडल ने कहा कि 21 मई को प्रकाशित एक समाचार और अधिशासी अभियंता की टिप्पणी से यह स्पष्ट हुआ है कि कार्य पूर्ण होने की कोई निश्चित समयसीमा तय नहीं है। साथ ही ठेकेदार का भुगतान लंबित होने और कई कार्य अधूरे होने की बात भी सामने आई है।
व्यापारियों ने कहा कि पर्यटन सीजन के पीक समय में लोअर मॉल रोड बंद रहने से अपर मॉल रोड पर अत्यधिक दबाव बढ़ रहा है। इससे पर्यटकों, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने विभाग से मांग की है कि कार्य को युद्धस्तर पर दिन-रात कराकर नियमित मॉनिटरिंग और दैनिक प्रगति रिपोर्ट के साथ 15 जून 2026 तक हर हाल में पूरा किया जाए। व्यापार मंडल ने कहा कि इसी दिन नीब करौरी बाबा के कैची धाम स्थापना दिवस के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु नैनीताल और आसपास पहुंचेंगे, ऐसे में सड़क का सुचारु होना बेहद जरूरी है।


व्यापार मंडल ने चेतावनी दी है कि यदि 15 जून तक कार्य पूरा नहीं किया गया तो संगठन को मजबूरन आंदोलन और कड़े विरोध का रास्ता अपनाना पड़ेगा। इस संबंध में अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपा गया है, जिसकी प्रतिलिपि मुख्यमंत्री सचिव, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन दयाल को भी भेजी गई है।
शिष्टमंडल में उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, सचिव शिव शंकर मजूमदार और संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन शामिल रहे।


संबंधित आलेख: