नैनीताल:शहर के भविष्य को लेकर नयना देवी व्यापार मंडल चिंतित,राज्यपाल से मांगा चार प्रमुख समस्याओं पर त्वरित समाधान
नैनीताल। माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल (पंजीकृत) के पदाधिकारियों ने उत्तराखंड के राज्यपाल से शिष्टाचार भेंट कर उनका स्वागत किया तथा नगर की विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को उनके समक्ष प्रमुखता से रखा। व्यापार मंडल ने इस अवसर के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त करते हुए नैनीताल के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

व्यापार मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले नैनीताल की लंबे समय से लंबित पाइन्स श्मशान घाट के जीर्णोद्धार और आधुनिक सुविधाओं के विकास का मुद्दा उठाया। पदाधिकारियों ने कहा कि यह नगर की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में से एक है, लेकिन विभिन्न विभागीय प्रक्रियाओं में फंसकर यह मामला वर्षों से अधर में लटका हुआ है। उन्होंने राज्यपाल से इस विषय में हस्तक्षेप कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया।
इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने नैनीताल की जीवनरेखा कही जाने वाली नैनी झील में विभिन्न नालों के माध्यम से लगातार पहुंच रहे सीवर के पानी की समस्या को गंभीर चिंता का विषय बताया। व्यापार मंडल ने कहा कि झील का प्रदूषण तेजी से बढ़ रहा है, जिससे इसका पारिस्थितिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने झील को प्रदूषणमुक्त बनाने के लिए प्रभावी और स्थायी कदम उठाने की मांग की।
बैठक में लोअर मॉल रोड के पुनर्निर्माण कार्य का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। व्यापार मंडल ने बताया कि पिछले वर्ष सड़क क्षतिग्रस्त होने के बाद से निर्माण कार्य जारी है, लेकिन कई समय-सीमाएं बीत जाने के बावजूद सड़क के पूर्ण रूप से खुलने की कोई निश्चित तिथि तय नहीं हो सकी है। इससे न केवल पर्यटकों बल्कि स्थानीय नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और महिलाओं को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। व्यापार मंडल ने यह भी आशंका जताई कि लंबे समय से पूरा यातायात और पैदल आवाजाही अपर मॉल रोड पर केंद्रित होने के कारण वहां दबाव बढ़ गया है और कई स्थानों पर दरारें विकसित होने लगी हैं, जो भविष्य में नई समस्या पैदा कर सकती हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने नगर के बच्चों के लिए केंद्रीय स्थान पर एक आधुनिक एवं सुविधायुक्त पार्क विकसित किए जाने का प्रस्ताव भी रखा। व्यापार मंडल ने सुझाव दिया कि बोट हाउस क्लब के सामने स्थित पार्क इस उद्देश्य के लिए उपयुक्त स्थान हो सकता है। साथ ही व्यापार मंडल ने पार्क के रखरखाव और देखरेख की जिम्मेदारी लेने की भी इच्छा व्यक्त की।

व्यापार मंडल अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा कि उम्मीद है कि राज्यपाल स्तर से आवश्यक दिशा-निर्देश जारी होने पर इन महत्वपूर्ण समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कार्रवाई हो सकेगी, जिससे नैनीताल के नागरिकों, व्यापारियों और पर्यटकों को राहत मिलेगी।
राज्यपाल से मुलाकात करने वालों में व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन, उपाध्यक्ष विकास जायसवाल, सचिव शिव शंकर मजूमदार तथा सदस्य महबूब हसन शामिल रहे।