• Home
  • News
  • Nainital: NASA launches cleanliness and public awareness campaign in the life-giving Naini Lake! There is a need to make Naini Lake conservation a mass movement - Prof. Ritesh Sah

नैनीताल:नासा ने चलाया जीवनदायिनी नैनी झील में स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान!नैनी झील संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की जरूरत - प्रो रितेश साह

editor
  • Kanchan Verma
  • June 21, 2026 06:06 AM
Nainital: NASA launches cleanliness and public awareness campaign in the life-giving Naini Lake! There is a need to make Naini Lake conservation a mass movement - Prof. Ritesh Sah

नैनीताल, 21 जून।

 

नैनीताल की पहचान और जीवनरेखा मानी जाने वाली नैनी झील के संरक्षण एवं पर्यावरणीय जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार को नैनीताल एक्वेटिक एंड एडवेंचर स्पोर्ट्स एसोसिएशन (नासा) के तत्वावधान में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्वयंसेवकों ने झील तथा उसके आसपास के क्षेत्रों से बड़ी मात्रा में प्लास्टिक और अन्य ठोस अपशिष्ट एकत्र कर स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान में शामिल प्रो. रीतेश साह ने कहा कि बीते दिनों हुई मूसलाधार वर्षा के कारण नगर के विभिन्न हिस्सों से बहकर काफी मात्रा में प्लास्टिक एवं अन्य कचरा नैनी झील में पहुंच गया था। इससे झील की प्राकृतिक सुंदरता प्रभावित होने के साथ-साथ जलीय जैव विविधता और पारिस्थितिक संतुलन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है।

 

उन्होंने कहा कि नैनी झील केवल एक पर्यटन आकर्षण नहीं, बल्कि नैनीताल की सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और आर्थिक धुरी है। झील स्थानीय जलवायु को संतुलित बनाए रखने, भूजल पुनर्भरण में योगदान देने तथा हजारों लोगों की आजीविका से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़ी हुई है। ऐसे में झील में बढ़ता प्लास्टिक प्रदूषण केवल सौंदर्य का नहीं, बल्कि पर्यावरणीय सुरक्षा का भी गंभीर विषय है।

प्रो. साह ने नागरिकों और पर्यटकों से अपील करते हुए कहा कि नैनी झील को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सिंगल-यूज़ प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने, कूड़ा निर्धारित स्थलों पर ही डालने तथा प्लास्टिक एवं अन्य अपशिष्ट सामग्री को झील, सड़कों और नालों में न फेंकने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि झील संरक्षण को केवल सरकारी जिम्मेदारी न मानकर जनभागीदारी से जुड़े जनआंदोलन अभियान का स्वरूप दिया जाना चाहिए।

इस अभियान में शामिल हुए यशपाल सिंह रावत ने कहा कि नैनी झील केवल नैनीताल की पहचान नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है। इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को आगे आकर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।

अभियान में एडवोकेट मनीष जोशी, कृपाल पड़ियार, भूपाल सिंह बिष्ट, एडवोकेट भानु मौनी, पूरन कपकोटी, एडवोकेट पंकज चौहान, एडवोकेट कैलाश जोशी, कमल किशोर, विक्रम, रोहित गर्ग, फ़ैज़ान, किशोर कुमार, शुभान, नितिन आर्य, कार्तिक कुमार सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। वहीं नगरपालिका नैनीताल के प्रतिनिधियों तथा सेंट जोसेफ़ स्कूल, मोहन लाल साह बालिका विद्या मंदिर और सनवाल स्कूल के छात्र-छात्राओं ने भी अभियान में सक्रिय योगदान दिया।

अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त नैनीताल और नैनी झील के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व का महत्वपूर्ण संदेश दिया गया।


संबंधित आलेख: