नैनीताल: अंग्रेजों के खिलाफ लड़ते हुए देश के लिए दे दिया सर्वोच्च बलिदान, भीमताल में पुण्यतिथि पर आजाद हिंद फौज के शहीद मेजर दुर्गा मल्ल को किया नमन
नैनीताल। भीमताल में आजाद हिंद फौज के वीर सपूत अमर शहीद मेजर दुर्गा मल्ल की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। मेजर दुर्गा मल्ल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और नगर पालिका अध्यक्ष ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। मेजर दुर्गा मल्ल आजाद हिंद फौज के प्रथम गोरखा सैनिकों में शामिल थे। देश की आजादी के लिए उन्होंने अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष किया और 25 अगस्त 1944 को दिल्ली की सेंट्रल जेल में फांसी के फंदे को चूमते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। भीमताल में उनकी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में उनके जीवन, देशभक्ति और आजादी के आंदोलन में योगदान को याद किया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कहा कि मेजर दुर्गा मल्ल का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को हमेशा देश के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता रहेगा। कार्यक्रम में मेजर दुर्गा मल्ल के परिवार और उनके सैन्य जीवन से जुड़े प्रसंग भी साझा किए गए। लोगों ने अमर शहीद को नमन करते हुए उनके आदर्शों को याद किया।