नैनीताल: रोड पर गाड़ी खड़ी करना पड़ा महंगा!कार का शीशा तोड़कर चोरी, कैश और कपड़ों से भरा बैग ले गए चोर!
नैनीताल। शहर में चोरी की एक और घटना सामने आई है। मल्लीताल क्षेत्र में पंगोट रोड पर सिद्धेश्वर मंदिर के पास खड़ी एक कार का शीशा तोड़कर उसके अंदर रखा कैश और कपड़ों से भरा बैग चोरी किए जाने की सूचना है। घटना के बाद वाहन मालिक ने वीडियो जारी कर मामले की जानकारी दी है और कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक अधिवक्ता महेंद्र सिंह रावत की कार संख्या UK04AC9908 पंगोट रोड स्थित किलबरी रोड क्षेत्र में खड़ी थी। वाहन मालिक के अनुसार, कार में कुछ कैश के अलावा रक्षाबंधन के अवसर पर खरीदे गए कपड़ों से भरा एक बैग और अन्य सामान रखा हुआ था।
वाहन मालिक ने अपने वीडियो में कार की स्थिति दिखाते हुए बताया कि कार का शीशा तोड़कर अंदर से कैश और कुछ सामान निकाल लिया गया। वीडियो में कार का टूटा शीशा और अंदर बिखरा सामान भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने बताया कि कुछ सामान, जिसमें जूते और बच्चे की फुटबॉल आदि शामिल हैं, चोरों ने नहीं लिए।
वाहन मालिक के मुताबिक घटना बीती रात या आज सुबह हुई होने की आशंका है। हालांकि चोरी का सटीक समय अभी स्पष्ट नहीं है।
किलबरी रोड जैसे पर्यटन क्षेत्र में खड़ी कार का शीशा तोड़कर चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और वाहनों की निगरानी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।