नैनीताल:भीमताल में सैनिकों और व्यापारियों के लिए बहुद्देशीय भवन बनने का रास्ता साफ, व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
भीमताल। भीमताल में सैनिकों एवं व्यापारियों के लिए बहुद्देशीय भवन निर्माण की मुख्यमंत्री की घोषणा का प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, भीमताल ने स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने कहा कि लंबे समय से उठाई जा रही इस मांग के पूरा होने से क्षेत्र के व्यापारियों और पूर्व सैनिकों को एक साझा मंच उपलब्ध हो सकेगा।
बहुद्देशीय भवन निर्माण की मांग संगठन के अध्यक्ष पंकज जोशी, कैप्टन महेश चंद्र जोशी तथा कुमाऊं मंडल के सह प्रभारी अखिलेश सेमवाल द्वारा लगातार उठाई जा रही थी। अखिलेश सेमवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा इस मांग को स्वीकार किया जाना क्षेत्र की जनता, व्यापारियों और पूर्व सैनिकों की भावनाओं का सम्मान है।
प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी घोषणा से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। संगठन ने उत्तराखंड सरकार में कैबिनेट मंत्री राम सिंह केड़ा का भी विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया। व्यापार मंडल का कहना है कि मंत्री केड़ा ने इस मांग को शासन स्तर पर प्रमुखता से उठाया और मुख्यमंत्री तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि बहुद्देशीय भवन का निर्माण शीघ्र शुरू होगा, जिससे व्यापारिक गतिविधियों, सामाजिक कार्यक्रमों तथा पूर्व सैनिकों से जुड़े आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी। संगठन ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री एवं कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन करते हुए उनका आभार व्यक्त किया है।