नैनीतालः कुमाऊं विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया तेज! 24 विषयों के लिए 480 अभ्यर्थियों ने दिया इंटरव्यू, जल्द जारी होगी मेरिट लिस्ट
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया जारी है। विश्वविद्यालय के हरमिटेज भवन में बुधवार को पीएचडी प्रवेश के लिए आयोजित साक्षात्कार में 24 विभिन्न विषयों के 480 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। पूरे दिन चले इंटरव्यू के दौरान अभ्यर्थियों में शोध कार्य को लेकर खासा उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। विश्वविद्यालय प्रशासन ने साक्षात्कार प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए विशेष व्यवस्थाएं की थीं। पीएचडी में प्रवेश पाने की उम्मीद लेकर पहुंचे छात्र-छात्राओं ने अपने विषय से जुड़े ज्ञान, शोध अभिरुचि और भविष्य की शोध योजनाओं को विशेषज्ञों के समक्ष प्रस्तुत किया। विश्वविद्यालय परिसर में सुबह से ही अभ्यर्थियों की आवाजाही शुरू हो गई थी और इंटरव्यू को लेकर उनमें उत्सुकता साफ दिखाई दे रही थी। पीएचडी प्रवेश प्रक्रिया की जानकारी देते हुए नोडल अधिकारी प्रो. नंद गोपाल साहू ने बताया कि पीएचडी प्रवेश परीक्षा में सफल घोषित किए गए 480 अभ्यर्थियों का 24 विषयों में साक्षात्कार आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू कुल 30 अंकों का है और अभ्यर्थियों को प्राप्त अंकों के आधार पर अंतिम मेरिट सूची तैयार की जाएगी। प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों को निर्धारित मानकों के अनुसार जोड़कर अंतिम चयन सूची बनाई जाएगी। प्रो. साहू ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन मेरिट सूची तैयार करने की प्रक्रिया को तेजी से पूरा कर रहा है और जल्द ही इसे आधिकारिक रूप से जारी कर दिया जाएगा। मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को उनकी वरीयता और उपलब्ध सीटों के आधार पर विभिन्न महाविद्यालयों एवं विभागों में प्रवेश दिया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि पीएचडी कार्यक्रम उच्च शिक्षा और शोध गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यही कारण है कि चयन प्रक्रिया में गुणवत्ता और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। शोध के क्षेत्र में बढ़ती रुचि को देखते हुए इस वर्ष भी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने पीएचडी प्रवेश परीक्षा में भाग लिया था।