नैनीताल: अवैध रूप से खड़े फूड वैनों को पुलिस-प्रशासन ने हटाया बलपूर्वक, चेतावनी दी पुनः पाए जाने की दशा में वाहन को सीज किया जायेगा
नैनीताल। जिलाधिकारी नैनीताल से प्राप्त निर्देशों के क्रम में उप जिलाधिकारी नैनीताल की अध्यक्षता में परिवहन विभाग, पुलिस, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका, खाद्य सुरक्षा एवं वन विभाग की टीम गठित कर नैनीताल और नैनीताल के आस-पास के मार्गों पर संचालित फूड वैनो का निरीक्षण पिछले माह किया गया था। जिसमे ज्यादातर फूड वैन बिना अनुमति के संचालित होते पाए गए। उप जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा समस्त ऐसे फूड बैंक संचालकों को नोटिस जारी करते हुए अभिलेख प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया था एवं जिलाधिकारी नैनीताल द्वारा विशेष कैंप आयोजित कर निर्धारित मानकों को पूर्ण करने हेतु निर्देश दिए गए थे। किंतु ज्यादातर फूड वैन संचालकों द्वारा पर्याप्त अवसर दिए जाने के बावजूद निर्धारित मानक पूर्ण नहीं किया गए।

जिस कारण आज दिनांक 17 अप्रैल को पुलिस एवं प्रशासन की टीम द्वारा विशेष अभियान चला कर नैनीताल हल्द्वानी रोड, नैनीताल भवाली रोड, कालादूंगी रोड से सभी अवैध रूप से खड़े फूड वैनों को मार्ग से बलपूर्वक हटा दिया गया। उक्त कार्रवाई में उप जिलाधिकारी नैनीताल राहुल शाह, क्षेत्राधिकारी पुलिस विभा दीक्षित, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका आलोक उनियाल, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी रश्मि भट्ट, जिला पंचायत के अधिकारी और एन एच अधिकारी शामिल रहे। सभी फूड वैन संचालकों को सख्त चेतावनी दी गई है कि बिना अनुमति के फूड वैन ना लगाएं, पुनः पाए जाने की दशा में वाहन को सीज करने की कार्रवाई की जाएगी।

