• Home
  • News
  • Nainital: Preparations for the tourist season begin! The District Magistrate held a meeting, focusing on problems like traffic jams, water, and electricity.

नैनीतालः पर्यटन सीजन की तैयारियां शुरू! डीएम ने ली बैठक, जाम, पानी, बिजली जैसी समस्याओं पर रहा फोकस

editor
  • Awaaz Desk
  • April 22, 2026 11:04 AM
Nainital: Preparations for the tourist season begin! The District Magistrate held a meeting, focusing on problems like traffic jams, water, and electricity.

नैनीताल। आगामी पर्यटन सीजन को सुव्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पर्यटन से जुड़े सभी प्रमुख विभागों और स्टेकहोल्डर्स ने हिस्सा लिया। बैठक में पर्यटन विभाग, नगर पालिका, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान सहित अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्यटन सीजन के दौरान आने वाली आम समस्याओं जैसे ट्रैफिक जाम, पेयजल संकट, बिजली आपूर्ति और साफ-सफाई के समाधान के लिए ठोस रणनीति तैयार करना रहा। जिलाधिकारी ने बैठक के दौरान स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्यटन सीजन के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्टेकहोल्डर्स द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को तत्काल अमल में लाने के निर्देश दिए। डीएम ललित मोहन रयाल ने कहा कि नैनीताल एक प्रमुख पर्यटन स्थल है, जहां हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। ऐसे में शहर की व्यवस्थाओं को पहले से ही दुरुस्त करना बेहद जरूरी है, ताकि पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विशेष रूप से ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रभावी प्लान तैयार किया जाए। वहीं नगर पालिका को साफ-सफाई और कूड़ा प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। जल संस्थान और विद्युत विभाग को भी निर्देशित किया गया कि पेयजल और बिजली आपूर्ति में किसी भी तरह की बाधा न आने पाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


संबंधित आलेख: