नैनीताल:लोअर मॉल रोड को लेकर फैलाए जा रहे नैरेटिव पर भड़के पुनीत टंडन!40 करोड़ के डीपीआर से लेकर अपर मॉल रोड की सुरक्षा तक, पुनीत टंडन ने खोले कई मुद्दे
नैनीताल।
लोअर मॉल रोड खुलने के बाद अब इसको लेकर शुरू हुई बयानबाजी के बीच आंदोलनकारी रहे पुनीत टंडन ने अपना पक्ष स्पष्ट किया है। उन्होंने कहा कि लोअर मॉल रोड की मरम्मत का काम गुणवत्ता के लिहाज से अच्छा हुआ है। हालांकि, उन्होंने सड़क के सौंदर्यीकरण और निर्माण के बाद मौके पर उड़ रही धूल को लेकर कुछ कमियां भी गिनाईं। उनका कहना है कि कुछ लोगों द्वारा यह नैरेटिव बनाया जा रहा है कि उनके धरने के दबाव में जल्दबाजी में सड़क खोल दी गई, जबकि यह बात पूरी तरह अधूरी जानकारी पर आधारित है।
पुनीत टंडन ने कहा कि करीब डेढ़ साल बाद 30 मीटर के हिस्से की मरम्मत पर लगभग चार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। क्या लोक निर्माण विभाग के अधिकारी बिना तकनीकी जांच और गुणवत्ता सुनिश्चित किए इस तरह का काम करेंगे? उन्होंने बताया कि विभाग के उच्च अधिकारियों से उनकी बातचीत हुई है। अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों और दरारों को लेकर THDC तथा कंसल्टिंग एजेंसी से चर्चा की गई है। उनके सुझावों के आधार पर जरूरी ट्रीटमेंट भी किया गया है। ऐसे में सड़क को जल्दबाजी में खोलने की बात करना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके धरने से पहले लोअर मॉल रोड की मरम्मत के लिए करीब 40 करोड़ रुपये का डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया चल रही थी। अब कुछ लोगों द्वारा इसी मुद्दे पर अनावश्यक नैरेटिव खड़ा किया जा रहा है।
पुनीत टंडन ने लोअर मॉल रोड को दोबारा बंद किए जाने की स्थिति में अपर मॉल रोड पर वाहनों की आवाजाही को लेकर भी कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि लोअर मॉल रोड फिर बंद की जाती है तो अपर मॉल रोड पर केवल पैदल यात्रियों और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों की आवाजाही होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वह हाईकोर्ट से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक जाने को तैयार हैं।
उन्होंने 1995 के सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कहा कि तीन दशक से अधिक समय बीतने के बावजूद उसकी सिफारिशों को लागू नहीं किया गया है। टंडन ने कहा कि उनके लिए टोल के ठेके या एक्साइज से मिलने वाले मुआवजे से ज्यादा महत्वपूर्ण लोगों की सुरक्षा और नैनीताल के पर्यटन का भविष्य है।
उन्होंने प्रशासन से लोअर मॉल रोड के बजाय फिलहाल अपर मॉल रोड की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की अपील की। साथ ही कहा कि लोअर मॉल रोड पर बार-बार रैंप और मरम्मत के नाम पर काम करने के बजाय अब अपर मॉल रोड को सुरक्षित रखने को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।