नैनीताल:पुनीत टंडन की दो टूक! PWD ने 25 सितंबर और 10 अक्टूबर की Timeline दी, बोले- लिखित शर्तें मानने पर ही टालूंगा अन्न-जल त्याग का फैसला,मां नयना देवी मेरे साथ
नैनीताल। लोअर मॉल रोड के निर्माण कार्य को लेकर धरने पर बैठे मां नैना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने कहा है कि उनके आंदोलन को राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों, कलाकारों और शहर के लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने साफ कहा कि वे इस मामले में अकेले नहीं हैं और जब तक उनकी मांगों को लेकर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, धरना जारी रहेगा।
मीडिया ने जब सवाल पूछा कि धरने को शहर से कितना समर्थन मिल रहा है, तो पुनीत टंडन ने कहा, “परसों शाम 4 बजे से मैं बैठा हूं। इसके बाद बीजेपी, कांग्रेस, शहर के काफी लोग, मेरे यार-दोस्त, पंजाबी महासभा और नाट्य मंच के कलाकार यहां आए हैं और सभी ने अपना समर्थन दिया है। भावनात्मक रूप से पूरा शहर मेरे साथ है।”
उन्होंने कहा कि कई लोग समर्थन के बावजूद धरना स्थल तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। पुनीत टंडन ने कहा, “लोग आ नहीं पाते क्योंकि शहर में कुछ बातों को लेकर डर है। कई सालों से चीजें उल्टी-सीधी होती आई हैं। प्रशासन ने करने दिया और लोग करते रहे, इसलिए कहीं न कहीं डर रहता है। लेकिन ये डर लोगों के मन से निकलना चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि अगर शहर को बचाने के लिए कुछ नुकसान भी सहना पड़े तो पीछे नहीं हटना चाहिए। उनके शब्दों में, “दो-चार चीजें अगर टूट-फूट जाएं, लेकिन शहर बचे, नैनीताल बचे, वो ज्यादा जरूरी है।”
PWD ने दी 25 सितंबर और 10 अक्टूबर की Timeline
मीडिया ने जब पूछा कि प्रशासन या PWD की ओर से अब तक क्या पहल हुई है, तो पुनीत टंडन ने बताया, “आज PWD के उच्च अधिकारी आए हैं। उन्होंने अपनी Timeline बताई है कि 25 सितंबर तक लोगों की आवाजाही और पैदल चलने के लिए रोड खोल दी जाएगी, जबकि 10 अक्टूबर तक Mall Road को vehicular movement के लिए खोलने का लक्ष्य रखा गया है।”
हालांकि पुनीत टंडन ने स्पष्ट किया कि केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर उनका आंदोलन समाप्त नहीं होगा।
जब पत्रकार ने पूछा कि क्या लिखित आश्वासन मिला है, तो उन्होंने कहा, “अभी लिखित में कोई आश्वासन नहीं आया है। मेरी conditions लिखित में शाम तक उन्हें जाएंगी। अगर कल मेरी conditions accept करते हुए उनका लिखित जवाब आ जाता है, तो मैं अन्न-जल त्यागने के अपने निर्णय को postpone कर दूंगा। लेकिन धरना जारी रहेगा।”
“मेरी Conditions अभी Reveal नहीं करूंगा”
मीडिया ने जब उनसे पूछा कि उनकी conditions क्या हैं, तो पुनीत टंडन ने कहा, “प्रशासन के साथ मेरी conditions अभी मैं reveal नहीं करूंगा। जब प्रशासनिक अधिकारी अपने स्तर से बात करने आएंगे, तो उसी समय उनसे बातचीत के बाद इसका खुलासा करूंगा।”
उन्होंने बताया कि PWD से संबंधित उनकी शर्तें पत्र और media release के माध्यम से सार्वजनिक की जाएंगी। उनका कहना है कि शाम तक वह अपनी शर्तें जारी कर देंगे और यदि अगले दिन PWD की ओर से उन पर लिखित सहमति मिलती है तो प्रस्तावित अन्न-जल त्याग का निर्णय आगे बढ़ा दिया जाएगा।
धरना जारी रहेगा
जब पत्रकार ने पूछा कि क्या लिखित आश्वासन मिलने के बाद धरना खत्म कर दिया जाएगा, तो पुनीत टंडन ने स्पष्ट किया, “अन्न-जल त्याग का निर्णय postpone होगा, खत्म नहीं होगा और धरना continue रहेगा।”
उन्होंने प्रशासन की ओर से बातचीत के लिए आए तहसीलदार स्तर के अधिकारी का भी जिक्र किया। पुनीत टंडन ने कहा कि उन्होंने अधिकारी से स्पष्ट कर दिया कि उनकी conditions फिलहाल कड़ी हैं और इस स्तर पर बातचीत संभव नहीं होगी।
अंत में उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आंदोलन सकारात्मक दिशा में जाएगा। पुनीत टंडन ने कहा, “उम्मीद पर दुनिया टिकी है और मुझे पूरी उम्मीद है कि जैसा होता आया है, वैसा ही होगा। मुझे पूरा विश्वास है। मां ने मेरे पीछे हाथ रखा है और मुझे संभाले हुए हैं। उम्मीद है, हम मां को निराश नहीं करेंगे।”