• Home
  • News
  • Nainital: Residents of Krishnapur Ward protest demanding a road; warn of a hunger strike if no action is taken within a week.

नैनीतालः सड़क की मांग को लेकर कृष्णापुर वार्ड के लोगों का प्रदर्शन! एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो भूख हड़ताल की चेतावनी

editor
  • Awaaz Desk
  • September 25, 2026 12:09 PM
Nainital: Residents of Krishnapur Ward protest demanding a road; warn of a hunger strike if no action is taken within a week.

नैनीताल। कृष्णापुर वार्ड में सड़क सुविधा बहाल करने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने गांधी चौक पर जिला प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र की सड़क का निर्माण जल्द शुरू कराने की मांग करते हुए कहा कि लंबे समय से सड़क सुविधा प्रभावित होने के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, बालियानाला क्षेत्र में हुए भूस्खलन के बाद सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। इसके बाद से सड़क का निर्माण नहीं होने के कारण क्षेत्रवासियों को रोजमर्रा की आवाजाही के लिए वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि जिस दूरी को सड़क सुविधा होने पर करीब दो किलोमीटर में तय किया जा सकता था, उसके लिए अब लगभग 12 किलोमीटर का अतिरिक्त रास्ता तय करना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सड़क सुविधा के अभाव में सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को हो रही है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है, जबकि स्थानीय लोगों की दैनिक जरूरतों से जुड़ी आवाजाही भी प्रभावित हो रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क का जल्द निरीक्षण कर निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण को लेकर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो वे भूख हड़ताल शुरू करने के साथ ही आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए मजबूर होंगे।
 


संबंधित आलेख: