नैनीतालः शिकायत के बावजूद शुरू नहीं हुआ सड़क सुधारीकरण का कार्य! समाजसेवी गोनिया ने जताई नाराजगी, केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री भट्ट को कराया अवगत
नैनीताल। नैनीताल रोड भुजियाघाट के ग्रामसभा सूर्याजाला व दोगड़ा में रोड़ की दुर्दशा किसी को नहीं दिख रही है। आलम यह है कि रोड़ पर बड़े-बड़े गड्ढ़े बने हुए हैं, जिसके चलते हादसों का भय बना रहता है। रोड का पुनःनिर्माण और उक्त रोड को सातताल तक बनाने की मांग को लेकर पिछले समाजसेवी हेमंत गोनिया के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को एक पत्र भेजा था। पत्र में कहा गया था कि नैनीताल रोड भुजियाघाट चौराहे के पास ग्रामसभा दोगड़ा और सूर्याजाला पुल के पास रोड़ उखड़ चुकी है पुल को भी खतरा बना हुआ है।

पत्र में बताया गया कि सड़क की स्थिति ऐसी है कि पुल कभी भी गिर सकता है। बताया कि सड़क की दुर्दशा के चलते आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। पत्र में सड़क को शीघ्र बनाने और सातताल तक जोड़ने की मांग उठाई गयी थी, लेकिन अबतक इस दिशा में कोई सकारात्मक कार्यवाही नहीं हुई है। जानकारी देते हुए समाजसेवी गोनिया ने बताया कि 56 दिन बीतने के बावजूद भी सड़क की स्थिति जैसी की तैसी बनी हुई है। कहा कि उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद सड़क की उपेक्षा प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है। उधर समाजसेवी गोनिया ने इस मामले को लेकर केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट को भी अवगत कराया है। जिसपर उन्हें भट्ट द्वारा आश्वासन दिया गया है।