नैनीताल: मॉलरोड में आराम फरमाने के लिए रोटरी क्लब ने बनवाई बेंच! राज्य स्थापना दिवस पर नगर पालिका को सौंपी जाएगी ये बेंच, अवैध पार्किंग की जगह पर लगेंगी ये बेंच
नैनीताल:7/11/2022
नैनीताल के रोटरी क्लब के सदस्यों द्वारा आज नैनीताल की प्रसिद्ध मालरोड में स्थानीय लोगो और पर्यटकों की सुविधा हेतु 11 बेंच मंगवाई गयी जो राज्य स्थापना दिवस के मौके पर रोटरी क्लब द्वारा नगर पालिका नैनीताल को सौंप दी जाएगी।रोटरी क्लब के विक्रम सुयाल और सुमित खन्ना ने बताया कि मालरोड में रोटरी क्लब द्वारा 11 बेंच लगवाई जा रही है जो राज्य स्थापना दिवस के मौके पर क्लब की ओर पालिका को सौंपी जाएगी। ये बेंच नैनीताल के बुजुर्गों ,महिलाओं,और पर्यटकों के लिए बेहद लाभकारी साबित होंगी। यहां जो पुरानी बेंच लगी थी उनमें से ज़्यादातर बेंच खराब हो चुकी है। हमारा प्रयास है कि नई बेंच मॉलरोड में ऐसी जगह पर भी लगे जहाँ अवैध पार्किंग बन चुकी है ताकि मॉलरोड से अतिक्रमण हट सकें साथ ही जगह का सही उपयोग हो सके।
उन्होंने ये भी कहा कि रोटरी क्लब सेवा का क्लब है जो समय समय पर जनहित में कार्य करता है। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, स्वास्थ्य सुविधाओं, इत्यादि को लेकर हमेशा कार्य करता रहा है और आगे भविष्य में भी जनहित में रोटरी क्लब इसी तरह अपनी सहभागिता दिखाता रहेगा।
आपको बता दें इससे पहले भी रोटरी क्लब द्वारा मालरोड के किनारे स्थित कैनेडी पार्क में ओपन जिम की सौगात नैनीताल वासियों को दी थी जहां अब हर सुबह शाम लोगो का जमावड़ा लगा रहता है, लोग व्यायाम के प्रति जागरूक भी हो रहे है। इसी पार्क के पास रोटरी क्लब द्वारा सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है। रोटरी क्लब ने भवाली स्थित फरसौली में जनहित में एक नई डिस्पेंसरी भी खोली है जहां उचित स्वास्थ्य परामर्श दिया जाता है।इसके अलावा रोटरी क्लब द्वारा जिला मुख्यालय के समीप सातताल में डेढ़ करोड़ की लागत से हॉस्पिटल भी बनाया जा रहा है जिसमे मोबाइल हॉस्पिटल की भी सुविधा उपलब्ध होगी ताकि दुर्गम इलाकों में लोगो को बेहतर स्वास्थ्य लाभ मिल सके।