नैनीताल:बिड़ला विद्या मंदिर में योग दिवस पर विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह,योग को अपनाने का लिया संकल्प,दिया फिटनेस का संदेश
बिड़ला विद्या मंदिर, नैनीताल में शनिवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास कर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की तथा इसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने सूर्य नमस्कार सहित अनेक योग मुद्राओं का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास न केवल शरीर को स्वस्थ एवं सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर जीवन में संतुलन और सकारात्मकता भी लाता है। छात्रों ने उपस्थित जनों को योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जिसने आज वैश्विक स्तर पर स्वस्थ जीवन शैली का मार्ग प्रशस्त किया है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित योगाभ्यास अपनाकर शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, अनुशासित और संतुलित जीवन का आधार बन चुका है। योग दिवस के आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक जीवन मूल्यों को विकसित करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में प्रबंधक (वित्त एवं लेखा) संजय गुप्ता, खेल प्रशिक्षक पृथ्वीराज सिंह किरौला, लीला सिंह बिष्ट, केदार सिंह गड़िया सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने योग को स्वस्थ एवं सुखद जीवन की कुंजी बताते हुए इसके नियमित अभ्यास का संकल्प लिया।