नैनीतालः नए रिक्शा स्टैंड की खूबसूरती पर लगाया जा रहा दाग! पुलिस और प्रशासनिक अमला मौन, रात को रैन बसेरा बन जाता है स्टैंड
नैनीताल। जिलाधिकारी धीराज गर्ब्याल के प्रयासों से पारंपरिक शैली में सौंदर्यीकरण के बाद रिक्शा स्टैंड मल्लीताल का रूप ही बदल गया था, सोशल मीडिया में भी नए रिक्शा स्टैंड की खूब तारीफें हुई और डीएम धीराज गर्ब्याल के प्रयासों को खूब सराहा गया। लेकिन आज ये खूबसूरत रिक्शा स्टैंड में रात के समय सराय बना कर इसे दागदार करने के प्रयास किये जा रहे हैं। दूर से देखकर किसी विदेश के रिक्शा स्टैंड की तरह दिखाई देने वाले मल्लीताल रिक्शा स्टैंड में कुछ अज्ञात लोगों ने रात के समय कब्जा जमाना शुरू कर दिया है।

ये खूबसूरत रिक्शा स्टैंड रात के समय एक रैन बसेरा में तब्दील हो जाता है, अवैध रूप से रात को यहां मिट्टी के तेल के चूल्हे तक जलाए जाते है। और ये सब मल्लीताल कोतवाली से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर हो रहा है। सूचना मिली है कि स्थानीय पुलिस और एलआईयू द्वारा न तो उनका सत्यापन किया गया है, न ही उन्हें ये जगह इस तरह रात को कब्जाने पर कोई कार्यवाही की जा रही है।

नैनीताल के स्थानीय लोगों ने इस गंभीर समस्या को लेकर पुलिस और जिला प्रशासन से मीडिया के माध्यम से अनुरोध किया है कि ये जगह खाली करने और इनका सत्यापन कर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर इनको स्थानांतरित करने के लिए पुलिस प्रशासन कोई कदम उठाए। उन्होंने ये भी कहा कि उम्मीद है कि अधिकारीगण आम जनता की इस समस्या को सुन और देख रहे है कि आखिर ये लोग नैनीताल शहर में कहां से और किस उद्देश्य से आए हैंए उन पर लगातार नजर बनाकर रखने की ज़रूरत है।