- Home
- News
- Nainital: The FASTag system in Nainital broke down after operating for just two days; the faulty equipment has been lying by the roadside for five days now. There is no plan for the upcoming weekend—a permanent solution is needed! The Traders' Association has raised questions regarding the FASTag an
नैनीताल:नैनीताल में दो दिन चलकर ठप हुआ फास्टैग सिस्टम, पांच दिन से सड़क किनारे पड़ा खराब उपकरण,वीकेंड प्लान भी नहीं, स्थायी समाधान चाहिए! फास्टैग और यातायात व्यवस्था पर व्यापार मंडल ने उठाए सवाल
नैनीताल।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने और बाहरी व व्यावसायिक वाहनों के संचालन को नियंत्रित करने के लिए मॉल रोड पर लगाया गया फास्टैग सिस्टम महज दो दिन चलने के बाद ठप हो गया है। पिछले पांच दिनों से यह सिस्टम खराब और टूटी-फूटी हालत में खुले में पड़ा है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों की ओर से अब तक इसे दुरुस्त कराने की पहल नहीं हुई है।

मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल के संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने इस पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है।

पुनीत टंडन का कहना है कि फास्टैग सिस्टम को दुरुस्त करना कोई बड़ी चुनौती नहीं है। जरूरत पड़ने पर दिल्ली से विशेषज्ञ बुलाकर महज दो दिन में इसे ठीक कराया जा सकता है। ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस व्यवस्था को इस तरह खुले में खराब हालत में क्यों छोड़ दिया गया है? इसके पीछे क्या कारण हैं, यह भी विचारणीय है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद यातायात व्यवस्था और बाहरी व व्यावसायिक वाहनों के संचालन को लेकर उच्च अधिकारियों ने संबंधित हितधारकों के साथ कई बैठकें की थीं। न्यायालय में भी व्यवस्था को सुचारू बनाने और यातायात की बाधाओं को दूर करने का आश्वासन दिया गया था। बावजूद इसके, कुछ दिनों की कार्रवाई के बाद शहर में हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौटने लगे हैं।
उनका कहना है कि बाहरी और व्यावसायिक वाहन अब भी जगह-जगह खड़े दिखाई दे रहे हैं। यातायात व्यवस्था फिर प्रभावित होने लगी है और फास्टैग जैसी जरूरी व्यवस्था ठप रहने से जाम और अवरोध की स्थिति बनी हुई है।
टंडन ने कहा कि हर सप्ताहांत विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के बजाय यदि शहर की बुनियादी यातायात व्यवस्थाओं को ही दुरुस्त कर दिया जाए तो बार-बार अलग से ट्रैफिक प्लान बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। प्रशासन को बैठकों में लिए गए निर्णयों को धरातल पर उतारने की जरूरत है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो मां नैना देवी नैनीताल व्यापार मंडल पूरे मामले से उत्तराखंड उच्च न्यायालय को अवगत कराएगा। व्यापार मंडल न्यायालय में अधिकारियों की ओर से दिए गए आश्वासनों और जमीनी स्थिति के बीच अंतर को लेकर लिखित रूप में तथ्य प्रस्तुत करेगा।