नैनीतालः समाजसेवियों की मेहनत लाई रंग! दिव्यांग युवक ने दी बोर्ड की परीक्षा, मदद के लिए उठे हाथों का जताया आभार
नैनीताल। हल्द्वानी में समाजसेवी के अथक प्रयासों से एक दिव्यांग युवक का पढ़ाई का सपना पूरा हो रहा है। बता दें कि बरेली निवासी रोहित कुमार की दोनों आंखें खराब हैं और वह पढ़ना-लिखना चाहता था। जब इसकी सूचना समाजसेवी हेमंत गोनिया को लगी तो उन्होंने अपनी टीम के सहयोग से युवक के पढ़ाई का जिम्मा उठाया। गोनिया और बसंत पाण्डे के सहयोग से दिव्यांग रोहित कुमार ने उत्तराखण्ड बोर्ड की परीक्षा के लिए हल्द्वानी के राजपुरा इंटर कॉलेज में पेपर दिए। पेपरों के लिए वह 25 दिन तक यहां रहा। इस दौरान उसकी बहन और एक राइटर भी साथ में मौजूद रहे। समाजसेवी गोनिया ने बताया कि एडिशनल एसपी जगदीश सिंह की मदद से तीनों को सत्यनारायण मंदिर धर्मशाला में ठहराया गया। इस दौरान नवीन मंडी हल्द्वानी के सचिव दिग्विजय सिंह देव और मोहन शर्मा मनु दा ने इनके खाने-पीने की व्यवस्था की। वहीं पेपर पूरे होने के बाद उनके बरेली जाने का इंतजाम अधिशासी अभियंता अशोक कटारिया ने किया। परीक्षा करवाने में मदद के लिए रोहित कुमार और उसकी बहन ने समाजसेवी गोनिया और उनकी टीम का आभार जताया।