नैनीताल: मां नयना देवी व्यापार मंडल केवल व्यापार तक सीमित नहीं,पूरे शहर के हितों के लिए जरूरत पड़ी तो पीआईएल दायर करने से नहीं चुकेंगे:पुनीत टंडन
नैनीताल। मां नयना देवी व्यापार मंडल के अध्यक्ष पुनीत टंडन ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में स्पष्ट किया कि संगठन का कोई व्यक्तिगत या राजनीतिक एजेंडा नहीं है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य केवल व्यापारियों के हितों तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे नैनीताल शहर के विकास, पारदर्शिता और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी सक्रिय भूमिका निभाना है।
पुनीत टंडन ने कहा कि हाल के दिनों में संगठन द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों को लेकर कई तरह के सवाल सामने आए हैं। इसलिए प्रेस वार्ता के माध्यम से संगठन का पक्ष स्पष्ट किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि व्यापार मंडल का कार्यकाल बढ़ाया गया है और जल्द ही शहर के कई प्रतिष्ठित होटल व्यवसायी भी संगठन से जुड़ने वाले हैं। साथ ही सिद्धार्थ को संगठन का मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में व्यापार मंडल के चुनाव पूरी पारदर्शिता के साथ और सर्वसम्मति से कराने का प्रयास किया जाएगा। स्वयं चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इसका निर्णय उचित समय पर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मां नयना देवी व्यापार मंडल पूरे नैनीताल का प्रतिनिधित्व करता है और संगठन का कार्य व्यापारी हितों के साथ-साथ शहर के व्यापक हितों के अनुरूप रहेगा।
पुनीत टंडन ने कहा कि वर्तमान समय में शहर के लिए एक मजबूत और संगठित व्यापार मंडल की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। उन्होंने दावा किया कि यह नैनीताल का पहला पंजीकृत व्यापार मंडल है और लगभग 60 नए सदस्य संगठन से जुड़ने के लिए तैयार हैं। संगठन अपनी वेबसाइट भी तैयार कर रहा है तथा पहले चरण में 100 सक्रिय सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि शहर के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके।
उन्होंने कहा कि संगठन की प्राथमिकता सभी व्यापारियों और शहरवासियों को एक मंच पर लाकर शहर के हितों के लिए संयुक्त रूप से आवाज उठाना है। उनका कहना था कि अन्य शहरों में छोटी-छोटी व्यवस्थाएं भी बेहतर तरीके से संचालित होती हैं, जबकि नैनीताल में एक कूड़ेदान जैसी मूलभूत सुविधा के लिए भी संघर्ष करना पड़ता है। संगठन द्वारा पहले उठाए गए सभी जनहित के मुद्दों पर लगातार कार्य जारी है।
पुनीत टंडन ने बताया कि मॉल रोड, हट्स, टोल टैक्स सहित विभिन्न जनहित के मामलों में आवश्यकता पड़ने पर पीआईएल दायर करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन की लीगल टीम पूरी तरह तैयार है और प्रशासन को दिए गए समय के पूरा होने का इंतजार किया जा रहा है। यदि समाधान नहीं निकला तो कानूनी विकल्प अपनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि शहर में वरिष्ठ नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाएं भी गंभीर चिंता का विषय हैं। कई बुजुर्गों ने उनसे अपनी परेशानियां साझा की हैं। उनका कहना था कि यदि शहरवासी अपनी समस्याएं व्यापार मंडल के सामने रखते हैं तो उन्हें प्रशासन तक पहुंचाना संगठन की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की मनमानी को बिना सवाल स्वीकार करना किसी भी जागरूक समाज के हित में नहीं है और नैनीताल के हितों की रक्षा के लिए संगठन अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा।