नैनीताल:माँ नयना देवी व्यापार मंडल का कार्यकाल 6 माह बढ़ा,10 जनवरी 2027 को होंगे चुनाव,व्यापारियों को एकजुट करने के सदस्यता लेने की मल्ली तल्ली की नहीं होगी कोई बाध्यता
नैनीताल।
माँ नयना देवी नैनीताल व्यापार मंडल (पंजीकृत) की कोर कमेटी एवं आम बैठक मंगलवार को बोट हाउस क्लब में संपन्न हुई। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकारिणी के विस्तार, नई समितियों के गठन तथा आगामी चुनाव को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
बैठक में सबसे अहम फैसला वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल छह माह बढ़ाकर 7 जनवरी 2027 तक करने का लिया गया। इसके साथ ही कार्यकारिणी का विस्तार भी किया गया। नई कार्यकारिणी में पुनीत टंडन अध्यक्ष, तरुण कांडपाल वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विकास जायसवाल उपाध्यक्ष, शिव शंकर मजूमदार सचिव, अमित वीरमानी सह उपाध्यक्ष तथा हर्ष गुरुरानी उप सचिव बनाए गए हैं।
बैठक में संगठन की गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए सदस्यता समिति, स्वागत समिति, आपदा एवं राहत समिति, सलाहकार समिति तथा कोर कमेटी का भी गठन किया गया। इन समितियों के संयोजकों एवं सदस्यों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
व्यापार मंडल ने यह भी निर्णय लिया कि वर्तमान कार्यकाल समाप्त होने के तुरंत बाद 10 जनवरी 2027 को संगठन के चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए शीघ्र ही चुनाव अधिकारी नियुक्त किए जाएंगे, जो चुनाव की रूपरेखा और कार्यक्रम व्यापारियों के सामने प्रस्तुत करेंगे।

बैठक में यह भी घोषणा की गई कि 8 जुलाई 2026 से पूरे नैनीताल में सदस्यता अभियान शुरू किया जाएगा। व्यापारियों के लिए सदस्यता प्रपत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे। मॉल रोड स्थित अपना बाजार एवं फेमस कोट हाउस, मल्लीताल स्थित शिवा रेस्टोरेंट और राम लाल एंड ब्रदर्स तथा तल्लीताल स्थित बाय टू ब्रदर्स शॉप से सदस्यता फॉर्म प्राप्त किए जा सकेंगे।
संस्थापक अध्यक्ष पुनीत टंडन ने नैनीताल के सभी व्यापारियों से सदस्यता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील करते हुए कहा कि नगर के पहले पंजीकृत व्यापार संगठन को मजबूत बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की एकजुटता ही नैनीताल के व्यापारिक हितों की प्रभावी पैरवी कर सकती है और भविष्य की चुनौतियों का सामूहिक रूप से सामना करने में सहायक होगी।