• Home
  • News
  • Nainital: Theatre artists took up brooms on Independence Day, liquor bottles and garbage were found at the BM Sah Open Air Theatre.

नैनीताल:स्वतंत्रता दिवस पर रंगकर्मियों ने उठाई झाड़ू, बीएम साह ओपन एयर थिएटर में मिली शराब की बोतलें और कूड़ा

editor
  • Kanchan Verma
  • August 15, 2026 04:08 PM
Nainital: Theatre artists took up brooms on Independence Day, liquor bottles and garbage were found at the BM Sah Open Air Theatre.

नैनीताल। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर नैनीताल के रंगकर्मियों ने रविवार को गोलघर चौराहे स्थित बीएम साह ओपन एयर थिएटर में सफाई अभियान चलाकर अलग अंदाज में आजादी का जश्न मनाया। रंगकर्मियों ने थिएटर परिसर में फैली गंदगी को साफ किया तो बड़ी मात्रा में शराब की खाली बोतलें, चिप्स के पैकेट और अन्य कचरा बरामद हुआ। परिसर की स्थिति देखकर रंगकर्मियों ने ओपन एयर थिएटर के रखरखाव को लेकर प्रशासन और नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर चिंता जताई।

रंगकर्मियों का कहना है कि शहर के महत्वपूर्ण सांस्कृतिक स्थल के रूप में पहचान रखने वाले बीएम साह ओपन एयर थिएटर में नियमित सफाई और उचित रखरखाव का अभाव है। उनका आरोप है कि यहां आए दिन असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिसके चलते परिसर में गंदगी फैल रही है और सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए बनाए गए इस स्थल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है।

रंगकर्मियों ने नगर पालिका प्रशासन से थिएटर परिसर में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने और इसके रखरखाव पर गंभीरता से ध्यान देने की मांग की। साथ ही पुलिस प्रशासन से भी ओपन एयर थिएटर में असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई।

सफाई अभियान में नगर पालिका के पर्यावरण मित्रों ने भी सहयोग किया। रंगकर्मियों ने सहयोग के लिए नगर पालिका प्रशासन का आभार जताया और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी थिएटर की नियमित सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

सफाई अभियान में वरिष्ठ रंगकर्मी डीके शर्मा, इदरीस मलिक, मिथिलेश पांडे, दिलावर सिराज, मदन मेहरा, नीरज डालाकोटी, नासिर अली, पवन कुमार, अजय पवार, अकरम अली और मो. खुर्शीद हुसैन ‘आजाद’ मौजूद रहे।


संबंधित आलेख: